नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के निहाल विहार इलाके में ढाई साल की एक बच्ची के साथ बलात्कार के सिलसिले में 2 लड़कों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने कहा कि, दोनों आरोपियों की उम्र लगभग 17 साल है और ये एक ही पड़ोस में रहते हैं। बच्ची के परिवार वाले इन दोनों को जानते हैं।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि, शुक्रवार रात को इन्होंने इलाके में बिजली गुल हो जाने का फायदा उठाया और बच्ची को कथित तौर पर अपहरण करके ले गए। इसके बाद इन दोनों में से कम से कम एक व्यक्ति ने बच्ची के साथ बलात्कार किया।
हालांकि CCTV फुटेज में जिन 2 लोगों की तस्वीर कैद हुई थी, वे लोग आरोपी नहीं निकले। उस फुटेज में दो लोग एक बच्ची को मोटरसाइकिल पर ले जाते हुए दिख रहे थे।
पुलिस संयुक्त आयुक्त दीपेंद्र पाठक ने कहा, इस मामले में 15 से ज्यादा टीमें बनाई गईं और लगभग 250 स्थानीय लोगों से पूरी रात पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने कुछ लोगों को छांटकर अलग किया और फिर आरोपी किशोरों को पकड़ा गया।