बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दिल्ली पुलिस के एक जवान का अपहरण करके उसके परिजन से 20 लाख रुपये फिरौती मांगे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक रविशंकर छवि ने बताया कि पिछले रविवार को छुट्टी पर बागपत स्थित अपने गांव ढिकौली आया दिल्ली के नरेला थाने में तैनात सिपाही रवीन्द्र कुमार (28) कल लापता हो गया था।
परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उसके भाई सुधीर के मोबाइल फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन करके बताया कि रवीन्द्र का अपहरण कर लिया गया है और उसके एवज में 20 लाख रुपये फिरौती मांगी गयी।
उन्होंने बताया कि परिजन की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ चांदीनगर थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अगवा सिपाही की तलाश के लिए कई पुलिस दल गठित किये गए हैं।
उधर, परिजन का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। बदमाश फिरौती के लिए रवीन्द्र के ही मोबाइल से अब तक करीब 10 बार फोन कर चुके हैं। बहरहाल, पुलिस रवीन्द्र के फोन को सर्विलांस पर लगाकर सुराग ढूंढने की कोशिश कर रही है।