1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली: Lockdown में घर से शादी करने निकले प्रापर्टी डीलर का शव कार में मिला

दिल्ली: Lockdown में घर से शादी करने निकले प्रापर्टी डीलर का शव कार में मिला

 Reported By: IANS
 Published : Apr 11, 2020 03:38 pm IST,  Updated : Apr 11, 2020 03:38 pm IST

राष्ट्रीय राजधानी के रोहिणी जिले में एक प्रॉपर्टी डीलर का शव उसी की कार में मिला। प्रॉपर्टी डीलर का नाम ओमप्रकाश (50) है। ओमप्रकाश पड़ोसी से शादी करने जाने की बात कहकर घर से निकला था।

Representational pic- India TV Hindi
Representational pic

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के रोहिणी जिले में एक प्रॉपर्टी डीलर का शव उसी की कार में मिला। प्रॉपर्टी डीलर का नाम ओमप्रकाश (50) है। ओमप्रकाश पड़ोसी से शादी करने जाने की बात कहकर घर से निकला था। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानकर फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामला हत्या का है या आत्महत्या का, यह पोस्टमॉर्टम के बाद ही तय होगा।

शनिवार को यह जानकारी रोहिणी जिले के एडिश्नल पुलिस कमिश्नर शंखधर मिश्रा ने दी। उन्होंने आगे कहा, "ओमप्रकाश मूल रुप से यूपी के रहने वाले हैं। उनके बच्चे भी गांव-कस्बे में ही रहते हैं। दिल्ली के किराड़ी गांव सुलेमान नगर में वे अकेले रहते थे।"

शुक्रवार की देर रात पुलिस को सेक्टर-24 रोहिणी में एक कार संदिग्ध हालात में खड़ी होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो कार के अंदर एक शख्स संदिग्ध हालातों में पड़ा मिला। यह ओमप्रकाश ही थे। जिस कार में शव मिला वो सफेद स्विफ्ट डिजायर कार ओमप्रकाश की है।

एडिश्नल पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, "शव पर चोट का निशान नहीं है। कार अंदर से लॉक मिली थी। अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।" उन्होंने आगे कहा, "ओमप्रकाश शुक्रवार दोपहर बाद घर से निकले थे। घर से निकलते वक्त उन्होंने पड़ोसी को बताया कि वे शादी करने जा रहे हैं। छानबीन में पता चला है कि, ओमप्रकाश के बच्चे यूपी में कहीं रहते हैं। पत्नी नहीं है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत