1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिग्विजय सिंह का आरोप, मध्य प्रदेश कांग्रेस विधायकों को 35 करोड़ रुपए का ऑफर दे रहे हैं BJP नेता

दिग्विजय सिंह का आरोप, मध्य प्रदेश कांग्रेस विधायकों को 35 करोड़ रुपए का ऑफर दे रहे हैं BJP नेता

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 02, 2020 02:09 pm IST,  Updated : Mar 02, 2020 02:09 pm IST

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर आरोप लगाया है कि वे राज्य में कांग्रेस के विधायकों को अपने पाले में मिलाने के लिए 25-35 करोड़ रुपए का ऑफर दे रह हैं।

Digvijaya Singh accuses BJP for trying horse trading of Congress MLAs- India TV Hindi
Digvijaya Singh accuses BJP for trying horse trading of Congress MLAs Image Source : DIGVIJAYA SINGH'S TWITTER

नई दिल्ली। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर आरोप लगाया है कि वे राज्य में कांग्रेस के विधायकों को अपने पाले में मिलाने के लिए 25-35 करोड़ रुपए का ऑफर दे रह हैं। दिग्विजय सिंह ने दिल्ली में यह बयान दिया है। दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘‘मध्य प्रदेश में भाजपा जब से विपक्षी दल बना है, शिवराज सिंह, नरोत्तम मिश्रा और वे सभी जिन्होंने 15 साल तक राज्य को लूटा, अब खुल्लम खुल्ला कांग्रेस पार्टी के विधायकों को 25-35 करोड़ रुपए का ऑफर दे रहे हैं।’’

दिग्विजय सिंह ने कहा कि वे कोई भी बात बिना तथ्य के नहीं कहते, उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह और नरोत्तम मिश्रा के बीच सांठगांठ हो गई है और उनमें से एक मुख्यमंत्री और दूसरा उप मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस विधायकों को फोन करके ऑफर दिया जा रहा है कि 5 करोड़ रुपए अभी ले लो और दूसरी किश्त जब राज्यसभा चुनाव होंगे तब मिलेगी और तीसरी किस्त कांग्रेस सरकार गिरने के बाद।

मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के पास भारतीय जनता पार्टी के मुकाबले थोड़े ज्यादा विधायक हैं और पार्टी ने राज्य में मुख्यमंत्री नाथ के नेतृत्व में सरकार बनाई हुई है। मध्य प्रदेश विधानसभा में भाजपा के 109 और कांग्रेस के 114 विधायक हैं तथा कांग्रेस को समाजवादी पार्टी के 1 और बहुजन समाज पार्टी के 2 विधायकों का भी समर्थन प्राप्त है। इसी महीने मध्य प्रदेश की 3 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव भी होना है ऐसे में राज्यसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनो अपने-अपने प्रत्याशी को जिताने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। राज्यसभा चुनाव से पहले दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर विधायकों की खरीद  फरोख्त का आरोप लगाया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत