1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अमेरिका के 5 राज्यों की प्राइमरी में हिलेरी और ट्रंप को बड़ी जीत

अमेरिका के 5 राज्यों की प्राइमरी में हिलेरी और ट्रंप को बड़ी जीत

 Written By: India TV News Desk
 Published : Apr 27, 2016 05:15 pm IST,  Updated : Apr 27, 2016 05:15 pm IST

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में अपनी पार्टी की उम्मीदवारी हासिल करने के लिए जारी चुनावी जंग में रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक पार्टी की हिलेरी क्लिंटन को मंगलवार को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है।

america- India TV Hindi
america

वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में अपनी पार्टी की उम्मीदवारी हासिल करने के लिए जारी चुनावी जंग में रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक पार्टी की हिलेरी क्लिंटन को मंगलवार को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है।

पांच राज्यों में हुए प्राइमरी में डोनाल्ड ट्रंप को सभी राज्यों में, जबकि हिलेरी को चार राज्यों में जीत हासिल हुई। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप को मेरीलैंड, डेलवेयर, पेन्सिलवेनिया, कनेक्टिकट और रोड आईलैंड में एकतरफा जीत मिली।

हिलेरी ने विरोधियों को मेरीलैंड, डेलवेयर, पेन्सिलवेनिया, कनेक्टिकट में परास्त किया। हिलेरी के मुख्य प्रतिद्वंद्वी बर्नी सैंडर्स को एक मात्र जीत रोड आईलैंड में मिली। ट्रंप को मंगलवार को मिली इस जीत से कम से कम 99 प्रतिनिधि मिले, जिसके बाद उनके प्रतिनिधियों की संख्या बढ़कर 945 हो गई है।

उनके प्रतिद्वंद्वी टेड क्रूज के पास 563 और जॉन केसिक के पास 152 प्रतिनिधि हैं। वहीं, हिलेरी के खाते में इस जीत से 72 प्रतिनिधि और जुड़े। इस तरह उनके प्रतिनिधियों की संख्या बढ़कर 2026 हो गई, जबकि सैंडर्स के पास 1,291 प्रतिनिधि हैं।

सूत्रों के अनुसार, न्यूयॉर्क में 19 अप्रैल को भारी जीत के बाद ट्रंप को इस जीत ने रिपब्लिकन पार्टी के कन्वेंशन का सामना किए बगैर प्रत्याशी बनने के लिए जरूरी 1,237 प्रतिनिधियों का समर्थन हासिल करने के बहुत करीब पहुंचा दिया है।

वहीं, टेक्सास के सीनेटर क्रूज और ओहियो के गवर्नर जॉन केसिक के लिए कन्वेंशन ही एकमात्र रास्ता दिखता है जिसके जरिए वे प्रतिद्वंद्वी ट्रंप को रिपब्लिकन पार्टी का उम्मीदवार बनने से रोक सकते हैं। ट्रंप ने अपनी जीत के बाद कहा, "मैं खुद को संभावित उम्मीदवार मानता हूं।"

हिलेरी ने फिलाडेल्फिया में जीत के बाद लोगों को संबोधित किया, जहां जुलाई में डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन होना है। हिलेरी ने कहा, "आप लोगों की मदद से हमलोग डेमोकेट्रिक नेशनल कन्वेंशन के लिए सबसे अधिक मतों और सबसे अधिक प्रतिनिधियों के साथ फिलाडेल्फिया वापस आने जा रहे हैं।"

उन्होंने कहा, "इस चुनाव को जीतने और एक ऐसा अमेरिका बनाने के लिए हमलोग अपनी पार्टी को एकजुट करेंगे, जहां हम सब मिलकर उन्नति कर सकें, एक ऐसा अमेरिका जहां हम एक दूसरे को नीचे गिराने की जगह ऊंचा उठा सकें।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत