1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. LIVE: राज्यसभा दोपहर 2 बजे तक स्थगित, लोकसभा में विपक्ष कर रहा हंगामा
  Live Now

LIVE: राज्यसभा दोपहर 2 बजे तक स्थगित, लोकसभा में विपक्ष कर रहा हंगामा

 Written By: Vinay Trivedi @JournoVinay
 Updated : Jul 29, 2026 12:07 pm IST

लोकसभा में आज The Public Examinations (Prevention of Unfair Means) Amendment Bill, 2026 पर मुहर लग सकती है। इस बीच, लोकसभा में विपक्ष हंगामा कर रहा है। वहीं, राज्यसभा को हंगामे के बाद दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया।

Anti Paper Leak Bill- India TV Hindi
लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर आज दूसरे दिन चर्चा। Image Source : PTI

लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर जारी बहस के दूसरे दिन आज (बुधवार को) विपक्ष के नेता राहुल गांधी का भाषण होगा तो बहस पर सरकार का भी जवाब आने वाला है। राहुल गांधी दोपहर साढ़े 12 बजे लोकसभा में भाषण देंगे। हालांकि, अपने भाषण से पहले ही राहुल गांधी ने बीते मंगलवार को तेवर दिखा दिए। प्रियंका गांधी ने सदन के अंदर शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी पर टिप्पणी की तो राहुल गांधी ने सदन के बाहर शिक्षा मंत्री को घेरा। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने इसे चरित्र हनन की कोशिश करार दिया।

शिक्षा मंत्री को टारगेट करने पर कांग्रेस का फोकस

गौरतलब है कि कांग्रेस का पूरा फोकस अब अब शिक्षा मंत्री को टारगेट करने पर हो गया है। आज राहुल गांधी को भी चर्चा में हिस्सा लेना है। हालांकि, बीते मंगलवार को प्रियंका गांधी ने जो टिप्पणी प्रह्लाद जोशी पर की थी उसे रिकॉर्ड से हटा दिया गया है लेकिन प्रियंका ने कहा है कि वो अपने बयान को ऑथेंटिकेट करेंगी इसीलिए आज सदन का माहौल गर्म रह सकता है।

विपक्ष ने की पेपर लीक पर सरकार को घेरने की कोशिश

एंटी पेपर लीक बिल पर कांग्रेस की तरफ से प्रियंका गांधी ने मोर्चा संभाला तो अन्य विपक्षी पार्टी के नेताओं ने भी छात्रों के प्रोटेस्ट पर पुलिस एक्शन और पेपर लीक को लेकर सरकार को घेरा। AIMIM चीफ ओवैसी ने छात्रों के प्रोटेस्ट को बांग्लादेश और नेपाल में हुए प्रोटेस्ट से जोड़ा तो एसपी चीफ अखिलेश यादव ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद हुए स्वागत पर तंज कसा। लोकसभा से जुड़ा हर अपडेट यहां पढ़ें।

Live updates :संसद से जुड़े अपडेट्स यहां पढ़ें

Auto Refresh
Refresh
  • 12:07 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित

    हंगामे के चलते राज्यसभा दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई है। उधर, लोकसभा की कार्यवाही जारी है। लेकिन विपक्ष लगातार हंगामा कर रहा है। विपक्ष नारेबाजी कर रहा है और सदन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान की मांग कर रहा है।

  • 12:00 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    मुझे सच बोलने के लिए दंडित करना चाहते हैं तो ठीक है- प्रियंका गांधी

    कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के खिलाफ अपने आरोपों पर कहा, "इसमें असंसदीय क्या था? यह बस सच था। अगर वे मुझे सच बोलने के लिए दंडित करना चाहते हैं तो ठीक है, मैं सच बोलूंगी। आपने देखा है कि वीडियो हैं और यह सिर्फ यह उदाहरण नहीं है। मैंगलोर पब में महिलाओं पर हमले में शामिल व्यक्ति को भाजपा में किसने शामिल किया? प्रह्लाद जोशी ने किया। उन्हें 5 घंटे बाद निष्कासित कर दिया गया या जब भी ऐसा हुआ लेकिन उनकी एक तस्वीर है। यह सिर्फ एक घटना नहीं है बल्कि यह महिलाओं के प्रति उनके दृष्टिकोण को दर्शाता है।"

  • 11:26 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित

    लोकसभा में आज The Public Examinations (Prevention of Unfair Means) Amendment Bill, 2026 पर वोटिंग होगी। इस बीच, राज्यसभा में भी हंगामा हुआ है। इसके बाद सदन को दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दिया गया है।

  • 11:06 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही 12 बजे तक स्थगित

    लोकसभा में कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने सदन में हंगामा करना शुरू कर दिया। इसके बाद, दोपहर 12 बजे तक सदन को स्थगित कर दिया गया। अब 12 बजे से सदन में फिर से The Public Examinations (Prevention of Unfair Means) Amendment Bill, 2026 पर चर्चा शुरू हो सकती है।

  • 10:47 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    चढ़ावा चोरी को लेकर संसद भवन में सपा का प्रदर्शन

    चढ़ावा चोरी को लेकर संसद भवन में समाजवादी पार्टी ने प्रदर्शन किया है। अखिलेश यादव, संसद भवन में दान पात्र लेकर पहुंचे। साथ ही, तमाम सपा सांसद 'चढ़ावा चोर गद्दी छोड़' के पोस्टर लेकर पहुंचे। संसद परिसर में सपा नेताओं ने जमकर नारेबाजी की।

  • 10:37 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    महाराष्ट्र में 2000 सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं- संजय राउत

    शिवसेना(UBT) नेता संजय राउत ने कहा, "महाराष्ट्र में 2000 सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं। ये सरकार चाहें महाराष्ट्र में हो या देश में हो जहां भी भाजपा की सरकार है, शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय को लेकर कितनी गंभीर है इससे ये पता चलता है। महाराष्ट्र शिक्षा के मामले में अग्रिम राज्य रहा लेकिन आज 2000 स्कूल बंद हैं, ये महाराष्ट्र में हालात हैं। महाराष्ट्र का जो शिक्षा मंत्रालय है, वहां एक भी कागज चाहें वो स्कूल की मान्यता से जुड़ा हो या किसी अन्य बात से, पैसों के बिना शिक्षा मंत्रालय में आगे नहीं जाता। करोड़ों का घोटाला शिक्षा मंत्रालय में मुख्यमंत्री की नाक के नीचे हो रहा है। हर दिन महाराष्ट्र में पेपर लीक हो रहा है। NEET के गुनहगार, आधे से ज्यादा पुणे, लातूर और महाराष्ट्र से हैं और ये सभी लोग भाजपा के कार्यकर्ता हैं।"

  • 10:20 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    पेपर लीक में अबतक कितने लोग पकड़े गए- अखिलेश यादव

    सपा अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव ने कहा, "जिम्मेदारी आज की सरकार की है। ये बात हम सदन में दोहरा चुके हैं। सबसे ज्यादा पेपर लीक भाजपा की सरकार में हुए हैं, आम जनता जानती है और इसी की वजह से दिल्ली में इतनी संख्या में युवा और नौजवान साथी एकत्रित हुए थे।" वहीं, 'सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026' पर अखिलेश यादव ने कहा, "बिल में संशोधन हुआ है। पहले जो कानून था, उसके तहत ही कितने लोगों को पकड़ा गया है? सरकार को बताना चाहिए कि कितने लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। यदि सरकार के लोग इसमें खुद शामिल हैं तो आप सरकार से क्या उम्मीद करेंगे?"

  • 10:01 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    मंत्री कौन बनेगा ये प्रधानमंत्री का विशेषाधिकार- राम गोपाल यादव

    सपा सांसद राम गोपाल यादव ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी को लेकर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के बयान पर कहा, "कौन मंत्री बने, कौन मंत्री पद पर रहे या कौन ना रहे, ये प्रधानमंत्री का विशेषाधिकार होता है। अगर मैं सवाल करूं कि इस व्यक्ति को मंत्री क्यों बनाया गया तो ये ठीक नहीं है।''

  • 9:48 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    एंटी पेपर लीक पर सरकार देगी जवाब

    एंटी पेपर लीक बिल पर लोकसभा में आज सरकार जवाब देगी। आज विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी बिल पर बोलेंगे। अपने भाषण में राहुल गांधी, शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेर सकते हैं। बीते मंगलवार को चर्चा के पहले दिन प्रियंका गांधी ने भी प्रह्लाद जोशी पर टिप्पणी की थी, जिसपर बवाल मच गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत