नई दिल्ली: दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) राष्ट्रीय राजधानी में इस महीने से अपनी बसों में सफर करने वाले यात्रियों से ई टिकटिंग मशीन के जरिए किराया वसूलेगी। निगम की योजना अगले साल तक कॉमन मॉबिलिटी कार्ड लाने की है जिससे यात्री डीटीसी की बसों और मेट्रो दोनों में यात्रा कर सकेंगे। यह परियोजना पहले 2010 में लाई गई थी और इससे डीटीसी की मौजूदा राजस्व संग्रह प्रणाली में खामियों के ठीक होने की उम्मीद है। यह स्वचालित किराया संग्रह प्रणाली की ओर भी पहला कदम होगा।
डीटीसी के प्रवक्ता डॉ आरएस मिनहास ने बताया, नवंबर महीने से डीटीसी ईटीएम के माध्यम से किराया वसूलना शुरू कर देगी और अगले साल अप्रैल तक निगम की सभी बसें इस परियोजना के दायरे में आ जाएंगी। उन्होंने कहा कि अगले छह महीनों में सभी बसों में ईटीएम लगाने के बाद, हम डीटीसी और मेट्रो दोनों में यात्रा करने के लिए कॉमन मॉबिलिटी कार्ड की ओर कदम बढ़ांएगे जिसे प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
कॉमन मॉबिलिटी कार्ड का प्रस्ताव 2010 में राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान रखा गया था लेकिन, राजस्व बंटवारे को लेकर मतभेद की वजह से यह आगे नहीं बढ़ सका। अधिकारियों के मुताबिक, सभी मामले अब सुलझा लिए गए हैं और डीटीसी चाहती है कि इस परियोजना को जितनी जल्दी संभव हो लागू किया जाए। डीटीसी इस साल दिसंबर तक अपनी बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और सफर करने वालों को वाईफाई सुविधा देने का पहले ही निर्णय कर चुकी है। योजना के मुताबिक, पहले चरण में, सरकार एसी और गैर एसी लो फ्लोर डीटीसी की कुछ बसों में परियोजना का संचालन करेगी।