नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का कहना है कि वह हाउसिंग डेवलपमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (एचडीआईएल) के अध्यक्ष राकेश वधावन और उनके बेटे सारंग वधावन के मुंबई स्थित दो स्थानों पर छापेमारी कर रही है। इस दौरान ईडी को एचडीआईएल प्रमोटर्स के नाम पर पंजीकृत एक विमान और एक नौका का भी पता चला है।
Related Stories
अधिकारी ने यह भी कहा कि एजेंसी ने अपनी छानबीन के दौरान यह भी पाया है कि एचडीआईएल के मालिकों ने शीर्ष राजनेताओं को महाराष्ट्र के पॉश स्थानों में कई घर उपहार के तौर पर दिए हैं। एजेंसी ने हालांकि इन राजनेताओं के नामों के बारे में अभी तक खुलासा नहीं किया है।
एजेंसी ने शनिवार को एचडीआईएल के चेयरमैन राकेश वधावन और उनके बेटे सारंग वधावन के 60 करोड़ रुपये के निजी जेट और ज्वैलरी को संलग्न किया था। एजेंसी ने कहा कि वह मालदीव में अधिकारियों के साथ संपर्क में है, ताकि वधावन की नौका को वहां अटैच किया जा सके।
ईडी ने पीएमसी बैंक के पूर्व चेयरमैन वरयाम सिंह के बैंक खाते भी फ्रीज कर दिए हैं। एजेंसी द्वारा उनकी 10 करोड़ रुपये की जमा पूंजी और फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) भी फ्रीज कर दी गई है। इससे पहले एजेंसी ने शुक्रवार को 12 लग्जरी कारों को भी जब्त किया था। ईडी ने मुंबई में छह स्थानों पर छापेमारी के दौरान एचडीआईएल अध्यक्ष की दो रोल्स रॉयस, दो रेंज रोवर्स और एक बेंटले कार जब्त की थी।
वित्तीय जांच एजेंसी ने वरयाम सिंह और पीएमसी बैंक के पूर्व प्रबंध निदेशक जॉय थॉमस के ठिकानों पर भी छापा मारा। एजेंसी ने 4,355 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में एचडीआईएल प्रमोटर्स के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है। ईडी ने कहा है कि वे राकेश वधावन और उनके बेटे सारंग वधावन सहित एचडीआईएल के सात निदेशकों की भूमिका की भी जांच कर रहे हैं। जांच में सहयोग नहीं करने के कारण इन्हें गुरुवार को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। एजेंसी एचडीआईएल से जुड़ी अन्य 18 कंपनियों से संबंधित जानकारी भी जुटा रही है।