पन्ना: मध्य प्रदेश के पन्ना में एक दुर्घटना के बाद बस में आग लगने से करीब 28 लोगों की मौत हो गई जबकि 12 अन्य बुरी तरह से घायल हो गए। घायलों को नजदीक के पन्ना जिला अस्पताल ले जाया गया है।
जिला कलेक्टर एस एन चौहान ने 28 लोगों की मौत की पुष्टि की है लेकिन सूत्रों के मुताबिक ये संख्या 35 से ज्यादा है।
ये बस छत्तरपुर से सतना जा रही थी। इसी दौरान एनएच-75 पर पन्ना राष्ट्रीय उद्यान के नजदीक एक मोड़ पर बस का ड्राइवर संतुलन खो बैठा और बस पुलिया से नीचे जा गिरी और उसमें आग लग गई। हालांकि पुलिया से नीचे खड्ढ की ऊंचाई 15 फीट से ज्यादा नहीं थी, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि लोग बस से बाहर निकल पाते इससे पहले ही वो बुरी तरह से झुलस गए। बस में 42 यात्री थे।
दुर्घटनाग्रना की सूचना मिलते ही नजदीक के वन विभाग के लोगों ने मौके पर पहुंचेकर बचाव कार्य किया।
उधर मध्य प्रदेश सरकार ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार रुपए जबकि सामान्य रूप से घायलों को 25 हजार रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।