1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कर्नाटक में Lockdown तोड़ने पर एक ही परिवार के सात लोगों पर कार्रवाई, मुकदमा दर्ज

कर्नाटक में Lockdown तोड़ने पर एक ही परिवार के सात लोगों पर कार्रवाई, मुकदमा दर्ज

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 11, 2020 05:48 pm IST,  Updated : Apr 11, 2020 05:48 pm IST

लॉकडाउन के नियम तोड़कर केरल के कासरगोड जिले में स्थित तलपदी से समुद्र के रास्ते कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में प्रवेश करने के आरोप में एक परिवार के सात सदस्यों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर

मंगलुरु: लॉकडाउन के नियम तोड़कर केरल के कासरगोड जिले में स्थित तलपदी से समुद्र के रास्ते कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में प्रवेश करने के आरोप में एक परिवार के सात सदस्यों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। बाजपे पुलिस थाना अंतर्गत अद्दूर के निवासी याकूब और उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वे कासरगोड में अपने एक रिश्तेदार के घर गए थे और लॉकडाउन की घोषणा होने पर वहां फंस गए थे।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा सीमा सील कर दी गई थी इसलिए याकूब और उसका परिवार किसी शकीर की सहायता से नाव से समुद्र के रास्ते दक्षिण कन्नड़ जिले पहुंचा और वहां से अद्दूर चला गया। स्थानीय लोगों ने जब उसे राशन की दुकान पर देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी जिसके बाद याकूब को हिरासत में ले लिया गया। सूत्रों ने बताया कि याकूब के परिवार को चिकित्सा जांच और पृथक वास के लिए भेज दिया गया है।

बता दें कि कर्नाटक में कोरोना वायरस के सात नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 214 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को अपनी रिपोर्ट में बताया, ‘‘गत शाम से आज दोपहर तक सात नए लोग संक्रमित पाए गए हैं। अभी तक कोविड-19 के 214 मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से छह लोगों की मौत हो गई और 37 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।’’

सातों नए मरीज पहले से ही संक्रमित लोगों के संपर्क में आए थे। इनमें से पांच मैसुरु के हैं जो एक दवा कंपनी के कर्मचारी के संपर्क में आए, एक-एक व्यक्ति बेंगलुरु शहर और बिदर का है। राज्यभर में संक्रमण के सबसे अधिक 72 मामले बेंगलुरु से सामने आए हैं। इसके बाद मैसुरु से 47 और दक्षिण कन्नड़ से 12 मामले सामने आए।

जिन लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी गई उनमें बेंगलुरु के 19, दक्षिण कन्नड़ के पांच, देवानगेरे के तीन, उत्तर कन्नड़, चिकबल्लपुरा, मैसुरु और कलबुर्गी के दो-दो तथा धारवाड़ और कोडागु का एक-एक मरीज शामिल है। मृतकों में दो कलबुर्गी के और एक-एक बेंगलुरु, बगलकोटे, गडग और तुमकुरु से थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत