जम्मू: जम्मू क्षेत्र के रामबन जिले में गुरुवार देर रात आग लगने से 10 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से 9 शवों की हालत बहुत बुरी है, जिसके कारण उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। ऐसे में अधिकारियों ने उनकी डीएनए जांच कराने का फैसला लिया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि रामबन जिले के चंद्रकोट में सुरंग में काम करने वाले मजदूरों के बैरक में गुरुवार देर रात लगी आग में 10 लोगों की मौत हो गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रणदीप कुमार ने कहा, "केवल एक मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश के राकेश कुमार के रूप में की गई है।" डीएनए जांच के लिए शवों की लेबलिंग करने के बाद उन्हें ताबूतों में रखा गया है, ताकि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम संस्कार के लिए उन्हें उनके परिजनों को सौंपा जा सके।
इसके अलावा, आग से बुरी तरह झुलसने वाले तीन लोगों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि मृतक पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू एवं कश्मीर के विभिन्न स्थानों के मजदूर, सहायक और श्रमिक थे। उन्होंने बताया कि आग लगने की सही वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।