1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अरुणाचल प्रदेश: भूस्खलन के चलते भारी पत्थर ITBP के जवानों से भरी बस पर गिरा, पांच की मौत

अरुणाचल प्रदेश: भूस्खलन के चलते भारी पत्थर ITBP के जवानों से भरी बस पर गिरा, पांच की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 29, 2018 11:24 pm IST,  Updated : Jun 29, 2018 11:24 pm IST

राज्य में पांच दिन के भीतर बारिश से संबंधित यह दूसरी घटना है। इस मानूसन में भूस्खलन की घटनाओं में मरने वालों की संख्या नौ तक पहुंच गई है 

पहाड़ से...- India TV Hindi
पहाड़ से लुढ़कता विशाल पत्थर आई टी बी पी के 20 कर्मियों को लेकर जा रही मिनी बस पर गिर पड़ा। Image Source : PTI

ईटानगर: भारत तिब्बत सीमा पुलिस के पांच जवानों की आज उस समय मौत हो गई जब अरुणाचल प्रदेश के लोअर सिआंग जिले में बसर - अकाजन मार्ग पर बारिश के कारण भूस्खलन के चलते पहाड़ से एक बड़ा शिलाखंड टूटकर उनके वाहन पर गिर पड़ा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना कल देर रात लगभग ढाई बजे लोअर सिआंग के जिला मुख्यालय लिकाबली से करीब पांच किलोमीटर दूर उस समय हुई जब भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आई टी बी पी) के जवान पश्चिमी सिआंग जिले के बसर से निचले सिआंग जा रहे थे। 

लोअर सिआंग के पुलिस अधीक्षक सिंगजतला सिंगफो ने कहा कि पहाड़ से लुढ़कता विशाल पत्थर आई टी बी पी के 20 कर्मियों को लेकर जा रही मिनी बस पर गिर पड़ा। बल के चार कर्मियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आई टी बी पी और राज्य पुलिस की संयुक्त राहत एवं बचाव टीम अब तक तीन शव बरामद कर चुकी है। स्थानीय लोग टीम की मदद कर रहे हैं। राज्य में पांच दिन के भीतर बारिश से संबंधित यह दूसरी घटना है। इस मानूसन में भूस्खलन की घटनाओं में मरने वालों की संख्या नौ तक पहुंच गई है 

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वाहन धीमी गति से चल रहा था क्योंकि सड़क की हालत बहुत खराब था और वह विशाल पत्थर की चपेट में आ गया। उन्होंने बताया कि आई टी बी पी के आठ अन्य कर्मी इस घटना में घायल हुए हैं जिनमें से दो गंभीर रूप से घायल हैं। गंभीर रूप से घायल जवानों को लिकाबली स्थित सेना अस्पताल में भर्ती कराया गया है तथा मामूली रूप से घायल जवान स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराए गए हैं। सिंगफो ने कहा , ‘‘ पहाड़ से गिरते पत्थरों के चलते क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान मुश्किल होता है। ’’उन्होंने कहा कि आई टी बी पी के मृत कर्मियों की अभी पहचान की जानी बाकी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत