1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू-कश्मीर के रामबन में सेना और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़, तीन आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर के रामबन में सेना और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़, तीन आतंकी ढेर

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 28, 2019 04:24 pm IST,  Updated : Sep 28, 2019 09:06 pm IST

जम्मू-कश्मीर राजमार्ग पर एक गांव के पास शनिवार को सेना और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी हुई, जिसके बाद इलाके में व्यापक स्तर पर तलाश अभियान शुरू किया गया।

CRPF jawans during an encounter with the terrorists at...- India TV Hindi
CRPF jawans during an encounter with the terrorists at Batote in Ramban district of Jammu and Kashmir. Image Source : PTI

रामबन/जम्मू। जम्मू-कश्मीर के जम्मू-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बटोटे में एक मकान में  छिपे पांच आतंकियों में से तीन को ढेर कर दिया गया है। मुठभेड़ के दौरान मकान के अंदर बंधक बनाए गए युवक को छुड़ा लिया गया है। इस मुठभेड़ में एक जवान भी शहीद हुआ और दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

दरअसल, आतंकवादियों ने शनिवार सुबह सेना के एक दल पर हमला किया था जिसके बाद सुरक्षा बलों ने व्यापक खोज अभियान चलाया। अधिकारियों ने बताया कि रामबन जिले में राजमार्ग पर मुठभेड़ स्थल से भागने के बाद जांच दलों ने एक मकान के भीतर आतंकवादियों को घेर लिया।

इससे पहले पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘‘पांच आतंकवादियों का एक समूह बटोटे शहर में फंसा है। पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के संयुक्त दल ने इलाके की घेराबंदी कर दी और इसके बाद मुठभेड़ हुई।’’ उन्होंने बताया कि फंसे हुए आतंकवादियों ने सुबह त्वरित कार्रवाई बल (क्यूआरटी) पर गोलियां चलाई और भागने की कोशिश की। प्रवक्ता ने बताया कि भागने के बाद वे बटोटे शहर में एक व्यक्ति के मकान में घुस गए जिसका फौरन घेराव कर लिया गया। मौके पर मौजूद वरिष्ठ अधिकारी अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के बावजूद जोर शोर से चले तलाश अभियान के बाद दोपहर करीब एक बजे मुख्य बाजार में छिपे हुए आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच फिर मुठभेड़ शुरू हुई। उन्होंने बताया कि मकान से मालिक को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिशें की गईं, हालांकि इस दौरान उनके परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सुरक्षाबलों से भागते समय आतंकवादी जबरन इस मकान में घुस गए थे। आतंकवादियों ने सुबह ग्रेनेड फेंका और धारमुंड गांव में सेना के क्यूआरटी पर गोलीबारी की जिसके बाद मुठभेड़ हुई। ऐसा माना जा रहा है कि आतंकवादी किश्तवाड़ की तरफ से आए और उन्होंने राजमार्ग पर अस्थायी शिविर में रात गुजारी।

जम्मू स्थित रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने कहा, ‘‘ आज शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे, दो संदिग्धों ने एक वाहन को बटोटे में राजमार्ग पर रोकने की कोशिश की। चालक ने समझदारी दिखाते हुए वाहन को रोका नहीं और तुरंत ही नजदीकी सेना की चौकी को इसकी जानकारी दी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘क्यूआरटी फौरन हरकत में आया और संदिग्धों का पता लगाया।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत