कोच्चि (केरल): केरल में बाढ़ के कारण दक्षिण रेलवे और कोच्चि मेट्रो ने अपना परिचालन निलंबित कर दिया जिससे मध्य केरल के कई हिस्सों में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली चरमरा गई। लगातार हो रही बारिश के कारण पेरियार नदी में जलस्तर बढ़ गया है और मुल्लापेरियार, चेरुतोनी, इडुक्की जलाशय और इदामालयार सहित सभी प्रमुख बांधों के सभी फाटक खोल दिये गई हैं। इसके कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है। बाढ़ से कोच्चि शहर में परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई है।
Related Stories
दक्षिण रेलवे के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘अंगमाली और अलुवा के बीच डाउनलाइन पर पुल नंबर 176 पर जलस्तर बढ़ने के कारण इस पुल पर सेवा बंद कर दी गई है।’’ कोच्चि मेट्रो रेल लिमिटेड (केएमआरएल) ने अलुवा के निकट मट्टम में अपने यार्ड के बाढ़ के पानी में डूबे जाने के बाद अपना परिचालन बंद कर दिया। केएमआरएल ने एक बयान में बताया, ‘‘मट्टम यार्ड क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने के कारण कोच्चि मेट्रो ट्रेन सेवा बंद कर दी गई है।’’
प्रवक्ता ने बताया कि एक बार जलस्तर कम होने और प्रणाली के अच्छी स्थिति में आने के बाद सेवा फिर से शुरू हो जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि कमलसेरी इलाके में शहर को जोड़ने व वाली राष्ट्रीय राजमार्ग के डूब जाने के कारण कोच्चि में बस सेवा भी प्रभावित हुई है। लगातार हो रही बारिश और पेरियार नदी में बांध का फाटक खोले जाने के चलते कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा क्षेत्र में पानी प्रवेश कर जाने के कारण शनिवार तक यहां सभी तरह की हवाई सेवा को बंद कर दिया गया।