1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, मुंबई में भारी बारिश का अनुमान

असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, मुंबई में भारी बारिश का अनुमान

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 13, 2020 11:48 pm IST,  Updated : Jul 13, 2020 11:48 pm IST

असम में सोमवार को बाढ़ की स्थिति और खराब होने के साथ राज्य में वर्षा जनित घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई है । 

असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, मुंबई में भारी बारिश का अनुमान - India TV Hindi
असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, मुंबई में भारी बारिश का अनुमान  Image Source : ANI

नयी दिल्ली: असम में सोमवार को बाढ़ की स्थिति और खराब होने के साथ राज्य में वर्षा जनित घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई है । बाढ़ से असम के करीब 22 लाख लोग प्रभावित हुए हैं हालांकि मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि मॉनसून दक्षिण की ओर बढ़ रहा है और पूर्वोत्तर क्षेत्र में बारिश की तीव्रता में कमी आएगी । मौसम विभाग ने कहा कि मॉनसून पश्चिम तट में कोंकण गोवा से केरल की ओर सक्रिय है । 

मौसम का पूर्वानुमान बताने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर ने कहा कि 16 जुलाई तक मुंबई में भारी बारिश होने का अनुमान है हालांकि 15 जुलाई को महानगर में सबसे तेज बारिश हो सकती है । दिल्ली में नमी का स्तर 87 प्रतिशत तक पहुंच जाने के कारण उमस की स्थिति बनी हुई है। अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया । पूर्व में मानसून बिहार में जमुई , झारखंड में दुमका और बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ा है । 

इससे उत्तर बंगाल के लोगों को कुछ राहत मिलेगी जहां पिछले कुछ दिनों से मूसलाधार बारिश हुई है। पंजाब और हरियाणा में अधिकतम तापमान सोमवार को सामान्य के करीब रहा । दोनों राज्यों में मौसम शुष्क बना रहा । हालांकि अगले कुछ दिनों में दोनों राज्यों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है । चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया । हरियाणा के अंबाला में तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत