1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पूर्व सांसद श्यामा सिन्हा का निधन, सीएम नीतीश कुमार ने जताया शोक

पूर्व सांसद श्यामा सिन्हा का निधन, सीएम नीतीश कुमार ने जताया शोक

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 11, 2017 09:12 pm IST,  Updated : Sep 11, 2017 09:12 pm IST

कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद श्यामा सिन्हा का 74 साल की उम्र में लंबी बीमारी के बाद सोमवार को दिल्ली में निधन हो गया। वे पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार की पत्नी थीं।

shyama sinha- India TV Hindi
shyama sinha

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद श्यामा सिन्हा का 74 साल की उम्र में लंबी बीमारी के बाद सोमवार को दिल्ली में निधन हो गया। वे पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार की पत्नी थीं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सत्येंद्र नारायण सिन्हा की पुत्रवधू श्यामा सिन्हा का दिल्ली के एस्कॉर्ट अस्पताल में इलाज चल रहा था जहां सोमवार तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली।  श्यामा सिन्हा ने अपने सक्रिय राजनीतिक करियर की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पहल पर की थी। सोनिया गांधी ने 1999 में उन्हें बिहार के औरंगाबाद सीट से कांग्रेस का टिकट दिया और वह पहली बार जीतकर संसद पहुंचीं। 

श्यामा सिन्हा के निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी समेत तमाम नेताओं ने शोक व्यक्त करते हुए उनके निधन को राज्य के लिए बड़ी क्षति बताया है।  श्यामा सिन्हा का जन्म 26 नवंबर 1942 को हुआ था। सांसद रहते हुए उन्होंने नबीनगर सुपर थर्मल पावर की स्थापना में अहम भूमिका निभाई। नागालैंड और केरल के पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार उनके शव को लेकर मंगलवार की सुबह पटना पहुंचेंगे। परिवार के सूत्रों के मुताबिक श्यामा सिन्हा का अंतिम संस्कार बुधवार को किया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने श्यामा सिन्हा को न केवल एक लोकप्रिय नेता बल्कि बेहतर सामाजिक कार्यकर्ता भी बताया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत