1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. फरार गैंगस्टर रवि पुजारी भारत की गिरफ्त में, एयर फ्रांस की फ्लाइट से बेंगलुरु लाया गया

फरार गैंगस्टर रवि पुजारी भारत की गिरफ्त में, एयर फ्रांस की फ्लाइट से बेंगलुरु लाया गया

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 24, 2020 06:53 am IST,  Updated : Feb 24, 2020 06:53 am IST

हत्या और जबरन वसूली सहित कई जघन्य अपराधों में वांछित भगोड़े गैंगस्टर रवि पुजारी को को सोमवार तड़के सेनेगल और फ्रांस होते हुए बेंगलुरु लाया गया।

Fugitive gangster Ravi Pujari, Ravi Pujari, Ravi Pujari Arrested, Ravi Pujari Extradition- India TV Hindi
Fugitive gangster Ravi Pujari brought to Bengaluru from Senegal via France | Twitter

बेंगलुरु: हत्या और जबरन वसूली सहित कई जघन्य अपराधों में वांछित भगोड़े गैंगस्टर रवि पुजारी को को सोमवार तड़के सेनेगल और फ्रांस होते हुए बेंगलुरु लाया गया। पुलिस ने रवि पुजारी के भारत की गिरफ्त में होने की पुष्टि की है और कहा है कि उसे बेंगलुरु लाया जा चुका है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि साउथ अफ्रीका की पुलिस और सेनेगल सुरक्षा एजेंसियों के जॉइंट ऑपरेशन में गैंगस्टर को एक गांव में दबोचा गया था और बाद में सेनेगल प्रत्यर्पित किया गया था।

एयर फ्रांस की फ्लाइट से लाया गया पुजारी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेनेगल में पुजारी की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमर कुमार पांडे और बेंगलुरु के संयुक्त पुलिस आयुक्त संदीप पाटिल सहित पुलिस अधिकारियों की एक टीम उसे भारत लाने के लिए सेनेगल गई। टीम ने प्रत्यर्पण प्रक्रिया पूरी की और आखिरकार उसे एयर फ्रांस की फ्लाइट से बेंगलुरु ले आया गया। पुजारी कर्नाटक समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में दर्ज उगाही और हत्या सहित कई मामलों में वांछित था। वह 15 साल से फरार चल रहा था।

गैंगस्टर पर हैं 200 से भी ज्यादा मामले
गिरफ्तारी के बाद पुजारी को पश्चिम अफ्रीका में सेनेगल निर्वासित कर दिया गया था और बाद में उसे प्रत्यर्पित कर दिया गया था। पिछले साल सेनेगल में उसे जमानत मिल गई थी और वह फरार हो गया था। सूत्रों ने बताया कि जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी, केंद्रीय अन्वेषण ब्योरो और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग शामिल होगी। पुलिस के मुताबिक, गैंगस्टर पर 200 से ज्यादा मामले हैं। उसे पिछले साल जनवरी में सेनेगल के अधिकारियों ने गिरफ्तार किया था।

सेनेगल की अदालत ने दे दी थी जमानत
भारतीय अधिकारियों की उसे प्रत्यर्पित करके भारत लाने की कोशिशों के बावजूद एक स्थानीय अदालत ने उसे जमानत दे दी थी। इसके बाद पुजारी साउथ अफ्रीका भाग गया था। गैंगस्टर को दक्षिण अफ्रीका और सेनेगल पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन के दौरान एक गांव से गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने बताया कि उसे सेनेगल ले जाया गया और भारतीय टीम ने प्रत्यर्पण की औपचारिकताएं पूरी कीं। पुजारी शुरू में गैंगस्टर छोटा राजन से जुड़ा हुआ था, लेकिन उसने फरार अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के लिए भी काम किया है। (PTI से इनपुट्स के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत