नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली एक बार फिर रेप की वारदात से शर्मसार हो गई है। पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके में 13 साल की नाबालिग लड़की के साथ इलाके में ही रहने वाले एक लड़के ने रेप किया।
पीड़िता लड़की 7वीं क्लास में पढ़ती है। घटना उस समय हुई जब शुक्रवार की शाम लड़की की मां ने उसे घर का सामान खरीदने के लिए पास की दुकान भेजा था। रास्ते में कुत्ते के डर से लड़की एक मकान के बगल में खड़ी हो गई तभी आरोपी ने उसे अपने घर में खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने लड़की का मेडिकल पास के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में कराया जहां डॉक्टर ने रेप की पुष्टि की। पुलिस ने लड़के को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि दिल्ली-NCR में महिलाओं के प्रति होने वाले अपराध में कमी नहीं आ रही है। रेप जैसे जघन्य अपराध रोकने के लिए पुलिस के तमाम प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं।
कुछ दिन पहले ही रामलीला देखने आई लडकी के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया था। इतना ही नहीं, गैंगरेप के बाद 14 साल की लडकी की हत्या कर दी और फिर शव जमीन में गाड दिया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया और बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
पुलिस के मुताबिक हरियाणा के कोंडली इलाके में रहने वाली लडकी दिल्ली के नरेला इलाके में रावण दहन देखने आई थी। रामलीला देखकर पैदल ही घर जा रही लडकी और उसके परिवार ने जैसे ही दिल्ली बॉर्डर पार कर हरियाणा क्षेत्र में पहुंचे उसी समय ऑटो पर सवार चार-पांच युवक आए और उन्होंने लडकी को सडक से उठाकर ऑटो में अगवा कर लिया।
शराब के नशे में धुत आरोपियों का जब लडकी के पिता और भाई ने विरोध किया तो उनकी जमकर पिटाई की गई। चारों आरोपी लडकी को अगवा कर अपने साथ ले गए और फिर दोस्तों के साथ मिलकर गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया।