गुड़गांव: दिल्ली के पास गुड़गांव में कॉलेज के गेट से किडनैप हुई लड़की को बरामद कर लिया गया है। 3 आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की है। गुड़गांव के पुलिस कमिश्नर ने बताया कि लड़की सुरक्षित मिल गई है। बिना नंबर की स्विफ्ट कार में आए 4 बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। अपहरण की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद है।
गुडगांव पुलिस को करीब सवा 10 बजे डीएसडी कॉलेज के गेट से छात्रा के अपहरण की खबर मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने लड़की और आरोपियों की तलाश शुरू की थी। करीब 7 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों की पहचान हो गई है। तीनों आरोपियों को छात्रा पहले से जानती थी।
10 सेकेंड में बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
ये घटना सोमवार सुबह 9 बजे गुड़गांव में डीएसडी कॉलेज के बाहर घटी। बिना नंबर की स्विफ्ट कार में आए चार बदमाश 10 सेकेंड में ही लड़की को उठा ले गए।
कैसे हुई वारदात ?
सफेद रंग की स्विफ्ट कार कॉलेज के गेट से तेज़ी से निकली लेकिन सड़क पर एक गाड़ी सामने आने के बाद वो सेकेंड के लिए रुकी। इसी बीच किडनैप की गई लड़की खुद को बचाने के लिए कार के गेट को पैर से मारती है ताकि वो किसी तरह से बाहर निकल सके। लेकिन किडनैपर्स ने कार की पिछली सीट पर लड़की को जबरन पकड़ रखा था।
उसकी सारी कोशिश असफल साबित होती है। इसके बाद जैसे ही सामने की गाड़ी आगे बढ़ती है, स्विफ्ट कार में पीछे की सीट पर बैठे बदमाश अंदर से कार का दरवाजा बंद कर लेते हैं और गाड़ी तेज रफ्तार में आगे बढ़ जाती है। इस बीच पीछे से आ रहे दो लड़कों को लड़की के किडनैप होने का अहसास होता है। वो लड़की को बचाने के लिए कार के पीछे भागते हैं लेकिन कार तेजी से निकल जाती है।
घटना की खबर चश्मदीदों ने पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने लड़की की तलाश के लिए छापेमारी की। वहीं, कांग्रेस नेता शकील अहमद ने गुड़गांव की घटना को लेकर खट्टर सरकार पर हमला बोला।
पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल
इस घटना ने पुलिस और कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े किए है। घटना की जानकारी के बाद भी बैरिकैडिंग क्यों नहीं? कॉलेज के सामने सुरक्षा की व्यवस्था क्यों नहीं? गुड़गांव में बिना नंबर प्लेट की गाड़ी से कैसे आए बदमाश?
अगली स्लाइड में देखिए सीसीटीवी में कैद हुई वारदात-