नई दिल्ली: गाजियाबाद के गोविंदपुरम इलाके में एक नेशनल तैराक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। आपको बता दें कि 16 साल सायरा सिरोही नाम की तैराक 8 साल की उम्र में ही तैराकी मे रिकार्ड कायम किया था। वह फिलहाल ओलंपिक की तैयारी कर रही थी। डीपीएस गाजियाबाद में 11वीं छात्रा सायरा ने रात करीब 1.30 बजे अपने कमरे के खिड़की से फंदा लगाकर कर आत्महत्या कर ली। इस घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को आज सुबह दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टेम के लिए भेज दिया है और आत्महत्या के कारणो की छानबीन कर रही है।
सायरा अपने मां-बाप के साथ गाजियाबाद में गोविंदपुरम के आर के पुरम में रह रही थी। जिस वक्त सायरा ने खुदकुशी की उस समय उसके कमरे में उसकी छोटी बहन भी साथ सो रही थी। सायरा ने अपनी बहन को यह कह कर सोने के लिए बोल दिया की उसे पढ़ाई करनी है। लेकिन देर रात जब सायरा की बहन पानी पीने के लिए उठी तो वह नजारा देख हैरान रह गई। सायरा कमरे की खिड़की से फंदे से लटकी हुई थी। उसने शोर मचा कर परिवार के लोगों को बताया। सायरा डीपीएस गाजियाबाद में 11वीं क्लास की छात्रा थी, उसका एक्जाम चल रहा है और आज उसका पेपर भी था।
सायरा के कोच राजू चौधरी ने बताया की वो फिलहाल ओलंपिक खेलने की तैयारी में थी, लेकिन स्कूल की परीक्षा की वजह से स्विमिंग से डेढ़ माह की छुट्टी ली हुई थी। सायरा उस समय चर्चाओं में आई थी जब उसने 2008 में 8 साल की उम्र में ही लगातार 16 घंटे तैरने का रिकार्ड बनाया था। घटना की सूचना परिजनों ने आज सुबह पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टेम के लिए भेज घटना के कारणों की छानबीन शुरु कर दी है। हालांकि अभी तक घटना की पुख्ता वजह साफ नहीं हो पाई है।
नेशनल लेवल तक खेल चुकी सायरा ने कई मेडेल जीते थे। ऐसे में उसकी अचानक मौत ने पूरे परिवार को बड़ा झटका दे दिया है। गौरतलब है कि सायरा के पिता ने उसे देश की सबसे बड़ी खिलाड़ी बनाने के लिए पुलिस की नौकरी से 2013 में ही रिटायरमेंट ले लिया था।