1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Google ने स्पेशल अंदाज में मनाया 71वां गणतंत्र दिवस, डूडल में दिखी भारत की सांस्कृतिक विरासत

Google ने स्पेशल अंदाज में मनाया 71वां गणतंत्र दिवस, डूडल में दिखी भारत की सांस्कृतिक विरासत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 26, 2020 11:41 am IST,  Updated : Jan 26, 2020 11:43 am IST

सर्च इंजन गूगल ने रविवार को भारत के 71वें गणतंत्र दिवस के मौके पर विशेष डूडल समर्पित किया।

Google Doodle, Google Republic Day Doodle, Republic Day Doodle, Republic Day News- India TV Hindi
Republic Day 2020: Google Doodle pays tribute to India's diverse culture on January 26.

नई दिल्ली: सर्च इंजन गूगल ने रविवार को भारत के 71वें गणतंत्र दिवस के मौके पर विशेष डूडल समर्पित किया। गूगल के इस स्पेशल डूडल में भारत के स्थापत्य और सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ यहां की समृद्ध जैव-विविधता को दिखाया गया है। गूगल द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इस डूडल को सिंगापुर के गेस्ट आर्टिस्ट मेरू सेठ ने तैयार किया है। गूगल ने कहा है कि भारत की समृद्ध विरासत में सभी अपने मतभेदों के बीच सद्भाव खोजने के लिए साथ आते हैं।

डूडल में कई रंग हैं लेकिन नीले रंग को प्रमुखता दी गई है। इसमें मशहूर वाद्य यंत्रों और नृत्यों की तस्वीरों के साथ प्रसिद्ध धरोहरों को दिखाया गया है। गूगल अपने होमपेज पर खास अवसरों तथा मशहूर हस्तियों के विशेष डूडल बनाता रहता है। गूगल के 6 अक्षरों को रंग-बिरंगा दिखाया गया है तथा उसमें भारत के राष्ट्रीय पक्षी तथा दक्षिण भारत की मशहूर नृत्य कला को दर्शाया गया है। G-O-O-G-L-E के 6 अक्षरों में पहले अक्षर ‘ओ’ को मोर के रूप में दर्शाया गया है जबकि दूसरे ओ को कथकली नृत्यांगना के चेहरे और ‘एल’ अक्षर को पारंपरिक वाद्य यंत्र ‘सितार’ के रूप में दिखाया गया है। 

डूडल में बाकी के तीन अक्षरों में भारत के जीवन की रंग बिरंगी तस्वीरों को दिखाया गया है। इन अक्षरों की पृष्ठभूमि में सबसे ऊपर विश्व धरोहर स्थल हुमायूं के मकबरे को देखा जा सकता है जबकि नीचे की तरफ इंडिया गेट दिखाया गया है और उसके सामने एक ऑटो रिक्शा तथा साइकिल रिक्शा दिखाया गया है। ‘लोगो’ के पीछे पतंग उड़ती दिख रही है जबकि ‘ई’ अक्षर के ऊपर एक महिला नृत्य करते हुए दिख रही है। गूगल इंडिया ने भी विशेष डूडल ट्वीट किया और इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी।

गूगल ने इस डूडल के बारे में बताते हुए एक ब्लॉग पोस्ट में लिखा, ‘भारत के 71वें गणतंत्र दिवस के मौके पर, सिंगापुर के मेहमान कलाकार मेरू सेठ द्वारा तैयार आज के डूडल में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर प्रकाश डाला गया है, जो ताजमहल और इंडिया गेट जैसे अपने विश्व प्रसिद्ध स्थलों से लेकर अपके राष्ट्रीय पक्षी मोर, शास्त्रीय कलाओं, वस्त्रों और नृत्य तक व्याप्त है और उसे एकजुट करती है, जिसमें सभी अपने मतभेदों के बीच सद्भाव खोजने के लिए एक साथ आते हैं।’

बता दें कि वर्ष 1950 में आज के ही दिन भारत का संविधान लागू हुआ था। इसे बनाने में दो वर्ष 11 माह और 18 दिन का समय लगा था। पहले गणतंत्र दिवस पर राजपथ पर परेड हुई थी, और तभी से यह परंपरा जारी है। इस बार भी गणतंत्र दिवस के मौके पर राजपथ पर दुनिया ने भारत की सैन्य शक्ति एवं सांस्कृतिक विविधता के दीदार किए। 71वें गणतंत्र दिवस पर ब्राजील के राष्ट्रपति जायरे बोल्सोनारो मुख्य अतिथि हैं। उन्होंने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य नेताओं एवं गणमान्य लोगों संग गणतंत्र दिवस समारोह का आनंद लिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत