नई दिल्ली: आज कल सोशल मीडिया पर किसी भी चीज़ को वायरल होने में समय नहीं लगता। अगर आज आपने फेसबुक या ट्विटर के ट्रेंड्स को गौर से देखा हो तो "#Top10Criminals" पर ध्यान गया होगा। दरअसल, आज सर्च इंजन गूगल के इमेज सर्च पर 'टॉप टेन क्रिमिनल्स ऑफ इंडिया' सर्च करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर नज़र आ रही थी। कुछ समय पहले #Top10Criminals टि्वटर के टॉप ट्रेंड्स में सबसे ऊपर था।
Top 10 Criminals of india को गूगल इमेज सर्च करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम, ओसामा बिन लादेन, इलियास कश्मीरी, संजय दत्त, हफीज सईद की फोटो शामिल है। साथ ही दबंग गर्ल सोनाक्षी सिन्हा भी इस सर्च में दिखाई दे रही है।
इस बात की खबर फैलने के बाद सोशल मीडिया पर गूगल के खिलाफ लोग तीखी प्रतिक्रिया कर रहे हैं। साथ ही टि्वटर पर लोग गूगल को गलती सुधारने की सलाह दे रहे हैं।
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने अपने टि्वटर हैंडल पर Top 10 Criminals का स्क्रीन शॉट पेश करते हुए कहा कि मेरे पीएम मोदी से हजार गिले-शिकवे हो सकते हैं, लेकिन पीएम का गूगल पर Top 10 Criminals में सर्च होना बर्दाश्त नहीं है।
सोशल नेटवर्किंग साइट पर इस मामले के आने के बाद लोग #Top10Criminals हैश टैग से ट्वीट कर रहे हैं।