1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ATS ने 13 साल बाद पकड़ा 2002 गुजरात धमाकों का आरोपी

ATS ने 13 साल बाद पकड़ा 2002 गुजरात धमाकों का आरोपी

 Written By: Bhasha
 Published : Jun 30, 2015 06:52 am IST,  Updated : Jun 30, 2015 06:57 am IST

अहमदाबाद: गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने उस व्यक्ति को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया, जिसने गोधरा दंगे के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में हुए 5 बम विस्फोटों में मुख्य भूमिका निभाई थी।

ATS ने 13 साल बाद पकड़ा 2002...- India TV Hindi
ATS ने 13 साल बाद पकड़ा 2002 गुजरात धमाकों का आरोपी

अहमदाबाद: गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने उस व्यक्ति को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया, जिसने गोधरा दंगे के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में हुए 5 बम विस्फोटों में मुख्य भूमिका निभाई थी।

ATS की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मोहम्मद इरफान कुरैशी पिछले 13 सालों से फरार था और उसे मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के एक गांव से वहां मौजूद होने की एक गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया।

इसमें कहा गया है कि कुरैशी की आयु 40 से 50 साल के बीच है। उसने कथित तौर पर 2002 में हुए कई विस्फोटों में मुख्य भूमिका निभाई थी, जिसमें तीन व्यक्तियों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।

ATS के अनुसार, कुरैशी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले का रहने वाला है। वह अहमदाबाद से करीब 125 किलोमीटर दूर गोधरा में बस गया था। वह वहां कालीन बेचकर आजीविका चलाता था।

2002 के दंगों के बाद वह यूसुफ घीताली नाम के एक व्यक्ति के सम्पर्क में आया और कथित तौर पर गोधरा में ट्रेन अग्निकांड के बाद भड़के सांप्रदायिक दंगों में मुस्लिमों की हत्या का बदला लेने के लिए कई बम लगाने की एक योजना बनाई थी।

ATS ने कहा कि वह मथुरा गया और वहां से बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्री कालीन में लपेटकर गोधरा भेजी। गोधरा लौटने के बाद उसने बम बनाने के अन्य आरोपियों को प्रशिक्षण दिया।

ATS ने कहा कि, कुरैशी एवं अन्य ने पांच स्थानों पर बम लगाए और उनमें विस्फोट किया, जिसमें से एक गोधरा में एक बस के भीतर, एक गोधरा के पास मेहलोल में खड़े स्कूटर में, एक पास के लुनावाडा नगर में वेस्पा स्कूटर में, एक पंचमहल जिले के देलोल गांव में मोटरसाइकिल में और पांचवां खेड़ा जिले के थसरा गांव में एक बस के भीतर लगाया गया था।

एजेंसी ने कहा कि विस्फोट के बाद कुरैशी उत्तर प्रदेश के अपने गृह नगर भाग गया, जबकि 12 अन्य पकड़े गए। भागते समय गिरफ्तारी से बचने के लिए वह भारत के कई हिस्सों में रहा।

शहडोल से मिली खबर के अनुसार, स्थानीय पुलिस थाने के निरीक्षक राजेश मिश्र ने बताया कि कुरैशी वहां पर पिछले तीन सालों से रह रहा था और वह अपनी आजीविका चादर और कंबल बेचकर चलाता था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत