1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मौसम विभाग ने चक्रवाती तूफान के कारण गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी जारी की

मौसम विभाग ने चक्रवाती तूफान के कारण गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी जारी की

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 10, 2019 03:48 pm IST,  Updated : Jun 10, 2019 03:48 pm IST

विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र के गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल जाने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि मछुआरों को अगले कुछ दिनों में समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है और बंदरगाहों को खतरे का संकेत देने को कहा गया है।

Gujarat likely to get heavy rain due to cyclonic storm- India TV Hindi
Gujarat likely to get heavy rain due to cyclonic storm

अहमदाबाद: मौसम विभाग ने सोमवार को कहा कि अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण अगले कुछ दिनों में गुजरात के विभिन्न हिस्सों खासकर तटीय जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है। विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र के गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल जाने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि मछुआरों को अगले कुछ दिनों में समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है और बंदरगाहों को खतरे का संकेत देने को कहा गया है।

राज्य मौसम विभाग के निदेशक जयंत सरकार ने यहां संवाददाताओं से कहा कि अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण 13 और 14 जून को सौराष्ट्र तथा कच्छ में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है। अरब सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र सोमवार को करीब 31 किमी प्रति घंटा की गति से उत्तर की ओर बढ़ रहा है।

विभाग की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि सोमवार को सुबह साढ़े आठ बजे यह अमीनिदीवी (लक्षद्वीप) से करीब 240 किलोमीटर, मुंबई से 760 किमी और वेरावल (गुजरात) से 930 किमी दूर था। इसमें कहा गया है कि इसके चक्रवाती तूफान और उसके बाद गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल जाने का अनुमान है। इसके अगले 72 घंटों में उत्तर-पश्चिमोत्तर की ओर बढ़ने का अनुमान है। गुजरात अभी भीषण गर्मी की चपेट में है और अहमदाबाद सहित प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान मई के आखिरी सप्ताह से ही 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत