1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बलात्कारी बाबा जेल में सब्जी उगाएगा, 20 रुपये रोजाना मिलेगी मजदूरी

बलात्कारी बाबा जेल में सब्जी उगाएगा, 20 रुपये रोजाना मिलेगी मजदूरी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 19, 2017 11:31 pm IST,  Updated : Sep 19, 2017 11:31 pm IST

पाप की कमाई से राजसी शानो-शौकत के साथ जीने वाले डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह इंसां अब रोहतक की सुनारिया जेल के अहाते में सब्जियों की खेती करेगा।

Gurmeet Ram Rahim- India TV Hindi
Gurmeet Ram Rahim

चंडीगढ़: पाप की कमाई से राजसी शानो-शौकत के साथ जीने वाले डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह इंसां अब रोहतक की सुनारिया जेल के अहाते में सब्जियों की खेती करेगा। उसकी दैनिक मजदूरी 20 रुपये तय की गई है। हरियाणा की जेलों के महानिदेशक के.पी. सिंह ने मंगलवार को कहा कि पाप की कमाई से आलीशान महलें खड़े कर उनमें रंगरेलियां मनाने वाला डेरा प्रमुख अब मजदूरी कर 20 रुपये रोजाना कमाएगा।

उन्होंने मीडिया से कहा कि 20 साल सश्रम कारावास की सजा पाए राम रहीम के साथ जेल में सामान्य कैदियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है। उसे अगले महीने जेल के अहाते में सब्जियां उगाने का काम सौंपा जाएगा। उसकी दैनिक मजदूरी 20 रुपये तय कर दी गई है।

सिंह ने कहा, "जेल के नियम के अनुसार, कैदी से खून के रिश्ते के दो लोग फोन पर बात कर सकते हैं। फोन नंबर का पुलिस द्वारा सत्यापन किए जाने के बाद कैदी को बात करने की अनुमति मिलती है। गुरमीत के दो फोन नंबर हैं, जिनमें से एक हनीप्रीत के नाम से और दूसरा उसका खुद का है। हनीप्रीत का नंबर पहुंच के बाहर है और गुरमीत ने अपना फोन डेरा में ही छोड़ दिया है।"उन्होंने कहा, "चूंकि इन नंबरों को अब तक सत्यापित नहीं किया गया है, गुरमीत ने फोन कॉल की सुविधा का लाभ नहीं लिया है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत