नई दिल्ली: सियाचिन के शूरवीर लांस नायक हनुमनथप्पा को आज राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। हनुमनथप्पा का अंतिम संस्कार कर्नाटक के धारवाड़ अंतर्गत उनके पैतृक गांव बेटादुर में किया गया। लांस नायक हनुमनथप्पा को श्रद्धांजलि देने के लिये मानो पूरा कर्नाटक उमड़ पड़ा। शहीद जवान को श्रद्धाजंलि देने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया भी पहुंचे।
अंतिम संस्कार से पहले हनुमंथप्पा का पार्थिव शरीर हुबली के नेहरू स्टेडियम में रखा गया ताकि लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकें। हुबली के स्टेडियम से हनुमनथप्पा के गांव बेटादुर तक अंतिम यात्रा निकाली गई।
शहीद को श्रद्धांजलि देने उमड़ा जनसैलाब
हनुमनथप्पा को श्रद्धांजलि देने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। हज़ारों की तादाद में लोग उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए जुटे लेकिन शूरवीर के घर वालों के साथ-साथ पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है।
लांस नायक की पत्नी को सरकारी नौकरी देगी कर्नाटक सरकार
कर्नाटक सरकार ने हनुमनथप्पा के परिजनों को 25 लाख रुपये, खेती के लिए ज़मीन और उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया है।
बता दें कि नौ दिन तक मौत से लड़ने के बाद सियाचिन के शूरवीर लांस नायक हनुमनथप्पा ने गुरुवार को आखिरी सांस ली। दिल्ली के आर आर अस्पताल में हनुमनथप्पा की निधन हो गया। दिल्ली कैंट के बराड़ स्क्वेयर में रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर, सेनाध्यक्ष दलबीर सुहाग और राहुल गांधी समेत तमाम हस्तियों ने लांस नायक हनुमनथप्पा को श्रद्धांजलि दी।