1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Alert: ओडिशा, बंगाल, झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी

Alert: ओडिशा, बंगाल, झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 20, 2017 10:56 pm IST,  Updated : Oct 20, 2017 10:56 pm IST

ओडिशा, बंगाल, झारखंड, असम, त्रिपुरा एवं मिजोरम में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, तटीय ओडिशा के कुछ स्थानों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अधिकतर क्षेत्रों में बारिश होगी।

Heavy rain- India TV Hindi
Heavy rain Image Source : PTI

नई दिल्ली: तटीय ओडिशा के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र उत्तरी दिशा की ओर बढ़ गया है और आज सुबह 5.30 बजे यह चंदबली से 25 किलोमीटर पश्चिम में केंद्रित था। इसके कुछ समय तक उत्तरी दिशा में बढ़ने और अगले 24 घंटो के दौरान कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल जाने की संभावना है। इसकी वजह से ओडिशा, बंगाल, झारखंड, असम, त्रिपुरा एवं मिजोरम में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, तटीय ओडिशा के कुछ स्थानों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अधिकतर क्षेत्रों में बारिश होगी। इसके साथ ही अगले 24 घंटों में ओडिशा के अन्य क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतर स्थानों में बारिश के साथ गंगा नदी से जुड़े पश्चिम बंगाल के क्षेत्र में कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही अगले 48 घंटों में पश्चिम बंगाल के उप हिमालयी क्षेत्र में कुछ स्थानों में भारी बारिश होने की संभावना है। अगले 24 घंटो के दौरान पूर्वी झारखंड, मिजोरम और त्रिपुरा और 48 घंटे के दौरान अरूणाचल प्रदेश,नागालैंड और मणिपुर के अधिकतम स्थानों के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

पूर्वी असम के अधिकतम स्थानों पर बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। अगले 48 घंटो के दौरान असम के बाकी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। आगामी 12 घंटों के दौरान ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट पर 45-55 किलोमीटर प्रति घंटे के गति से तूफानी हवाएं चलेंगी जो 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। इसके बाद के 12 घंटों में ओडिशा और उत्तरी ओडिशा तथा पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाएं चलेंगी जो 50 किलोमीटर प्रति घंटे के स्तर तक जा सकती हैं।

अगले 12 घंटों के दौरान ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों में समुद्र के तूफानी रहने की संभावना है। इसके अगले 12 घंटों के दौरान उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल से जुड़े तटीय इलाकों में समुद्र के तूफानी रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल तटों एवं उसके आस-पास के क्षेत्रों तथा अगले 12 घंटों के दौरान दक्षिणी ओडिशा के तटीय क्षेत्र के मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत