1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड में भारी बर्फबारी, जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग बंद

जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड में भारी बर्फबारी, जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग बंद

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 16, 2020 07:31 pm IST,  Updated : Nov 16, 2020 07:31 pm IST

जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड के कई ऊंचाई वाले इलाकों में सोमवार को भारी बर्फबारी हुई जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ और इसके चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया।

जम्मू कश्मीर,...- India TV Hindi
जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड में भारी बर्फबारी, जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग बंद Image Source : PTI

नई दिल्ली: जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड के कई ऊंचाई वाले इलाकों में सोमवार को भारी बर्फबारी हुई जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ और इसके चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया। कश्मीर में अधिकारियों ने चार जिलों के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की क्योंकि केंद्रशासित प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में से मध्यम से भारी बर्फबारी हुई। अधिकारियों ने कहा किहिमस्खलन की चेतावनी उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा, बांदीपुरा और बारामूला जिलों तथा मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के लिए जारी की गई है। वहीं, उत्तराखंड में ऊपरी हिमालयी क्षेत्रों में मौसम की पहली भारी बर्फबारी हुई जिससे पूरे राज्य में ठंड बढ़ गई।

अधिकारियों के अनुसार बर्फबारी केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, औली और हरसिल सहित ऊपरी हिमालयी क्षेत्रों में रविवार रात से ही शुरू हो गई थी तथा सोमवार सुबह तक जारी रही। इससे ये इलाके बर्फ से ढक गए। भारी बर्फबारी के चलते उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को केदारनाथ मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद बदरीनाथ रवाना होने में देरी हुई। हालांकि, सोमवार सुबह केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने से पहले दोनों मुख्यमंत्रियों ने भगवान शिव के दर्शन किए और पूजा में भाग लिया। दोनों मुख्यमंत्री रविवार को केदारनाथ पहुंच गए थे और उन्हें सोमवार सुबह 8.30 बजे केदारनाथ के कपाट बंद होने के बाद बदरीनाथ मंदिर के लिए रवाना होना था।

जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड में भारी बर्फबारी, जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग बंद
Image Source : PTIजम्मू कश्मीर, उत्तराखंड में भारी बर्फबारी, जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग बंद

चमोली में सूचना विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि दोनों मुख्यमंत्री केदारनाथ में थे क्योंकि खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। केदारनाथ में रविवार रात से भारी बर्फबारी शुरू हुई और सोमवार तक जारी रही, जिससे उनके रवाना होने में देरी हुई। उधर, एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने दो महिलाओं और एक बच्चे सहित 10 लोगों को बचाया। ये लोग ऊंचाई वाले सिंथान दर्रे में भारी बर्फबारी में फंस गए थे।

उन्होंने कहा कि बचाव अभियान रविवार देर रात तक चलाया गया। यह अभियान सिंथान दर्रे में नागरिकों के एक समूह के फंसे होने के बारे में सूचना मिलने के बाद चलाया गया। सिंथान दर्रा जम्मू क्षेत्र के किश्तवाड़ जिले को कश्मीर के अनंतनाग को जोड़ता है। प्रवक्ता ने कहा कि बचाव दल में सेना और पुलिस के जवान शामिल थे। बचाव दल राष्ट्रीय राजमार्ग 244 पर रात के समय शून्य दृश्यता की स्थिति में पांच घंटे तक चला और फंसे हुए लोगों को सिंथान मैदान में ले आया जहां उन्हें भोजन और आश्रय प्रदान किया गया। केंद्रशासित प्रदेश में भारी बर्फबारी से प्रमुख सड़कों पर यातायात भी प्रभावित हुआ।

जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड में भारी बर्फबारी, जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग बंद
Image Source : PTIजम्मू कश्मीर, उत्तराखंड में भारी बर्फबारी, जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग बंद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत