शिमला: हिमाचल प्रदेश में बृहस्पतिवार को कोविड-19 संक्रमण के सात नए मामले सामने आने के बाद संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 459 हो गई है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। विशेष सचिव (स्वास्थ्य) नुपुर जिंदल ने कहा कि तीन मामले उना जिले से जबकि दो-दो मामले सोलन और चंबा से सामने आए हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि सोलन के नालागढ़ में संक्रमित पाए गए ट्रक चालक को उसके वाहन में ही पृथक कर दिया गया है। इसके अलावा बद्दी इलाके के पूर्व ग्राम पंचायत प्रधान भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि चंबा के केहल बाकन गांव में 23 वर्षीय पुरुष और सलूनी गांव में 25 वर्षीय महिला भी कोविड-19 से संक्रमित पाई गई है।
वहीं, इससे पहले हिमाचल प्रदेश में बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमित एक व्यक्ति की मौत हुई थी और संक्रमण के 16 नए मामले सामने आए थे। इस घातक वायरस के कारण राज्य में अब तक कुल सात लोगों की मौत हो चुकी है।
शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल(आईजीएमसी) में भर्ती हमीरपुर की रहने वाली 58 वर्षीय महिला की बुधवार को संक्रमण से मौत हो गई थी।