श्रीनगर: जम्मू एवं कश्मीर पुलिस ने शनिवार को कहा कि मोबाइल सेवाओं को निशाना बनाकर किए गए हमलों के पीछे आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन का हाथ है, जिस कारण उत्तरी कश्मीर के अधिकांश इलाके में दूरसंचार सेवा प्रभावित हुई है।
राज्य पुलिस महानिदेशक के. राजेंद्र कुमार ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "निसंदेह रूप से वे (हिजबुल मुजाहिदीन) का इन हमलों के पीछे हाथ है।"
अज्ञात संगठन लश्कर-ए-इस्लाम ने पिछले एक सप्ताह में हुए चार हमलों की जिम्मेदारी ली है और इन हमलों में मोबाइल कारोबार से जुड़े दो लोगों की हत्या की जा चुकी है।
इस बीच पुलिस ने एक मोबाइल टॉवर पर लगाए गए एक संचार उपकरण को हटा दिया है, जिसका उपयोग कथित तौर पर सोपोर जिले में आतंकवादी अपनी संचार व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि अब तक हुई जांच में मिले तथ्यों के अनुसार साबित हो चुका है कि हिजबुल मुजाहिदीन के पीछे लश्कर-ए-इस्लाम का दिमाग ही काम कर रहा है।
आतंकवादी हमलों के भय से सरकारी दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल के अलावा लगभग सभी निजी दूरसंचार कंपनियों के आउटलेट सोपोर और आस-पास के इलाकों में बंद चल रहे हैं।
पुलिस महानिदेशक ने हालांकि कार्रवाई और सुरक्षा का आश्वासन दिया है।