1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पीएम मोदी ने फ्रांस में चर्च के अंदर हुए आतंकवादी हमले की निंदा की, कहा- भारत फ्रांस के साथ खड़ा है

पीएम मोदी ने फ्रांस में चर्च के अंदर हुए आतंकवादी हमले की निंदा की, कहा- भारत फ्रांस के साथ खड़ा है

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 29, 2020 08:52 pm IST,  Updated : Oct 29, 2020 08:54 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस में हुए आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए कहा कि मैं फ्रांस में हाल ही में हुए आतंकवादी हमलों की कड़ी निंदा करता हूं, जिसमें नीस में आज चर्च के अंदर हुए जघन्य हमला भी शामिल हैं।

I strongly condemn the recent terrorist attacks in France, including today's heinous attack in Nice - India TV Hindi
I strongly condemn the recent terrorist attacks in France, including today's heinous attack in Nice inside a church: PM Modi Image Source : PTI

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस में एक गिरिजाघर में हुए हमले सहित हाल के दिनों में वहां हुई आतंकवादी घटनाओं की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत फ्रांस के साथ खड़ा है। भूमध्य सागरीय शहर नीस में बृहस्पतिवार को एक गिरिजाघर में हमलावर द्वारा चाकू से किए गए हमले में तीन लोगों की मौत हो गई। 

मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘फ्रांस में आज एक गिरिजाघर में हुए हमले सहित हाल के दिनों में वहां हुई आतंकवादी घटनाओं की मैं कड़े शब्दों में निंदा करता हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पीड़ित परिवारों और फ्रांस की जनता के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत फ्रांस के साथ खड़ा है।’’ 

भारत ने इस्लामी चरमपंथ पर फ्रांस के राष्ट्रपति एमेनुअल मैक्रों के कड़े रुख के बाद उन पर व्यक्तिगत हमलों की बुधवार को कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय विमर्श के सबसे बुनियादी मानकों का उल्लंघन बताया था। विदेश मंत्रालय ने कड़े शब्दों में जारी एक बयान में बर्बर आतंकवादी हमले की भी निंदा की थी, जिसमें फ्रांस के एक शिक्षक की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। 

मंत्रालय ने बयान में कहा था, ''हम बर्बर आतंकवादी हमले में फ्रांस के एक शिक्षक की निर्ममता से हत्या किये जाने की भी निंदा करते हैं, जिसने पूरे विश्व को स्तब्ध कर दिया। हम उनके परिवार और फ्रांस के लोगों के प्रति संवेदना प्रकट करते हैं। '' विदेश मंत्रालय के बयान के बाद भारत में फ्रांस के राजदूत एमेनुअल लिनेन ने ट्वीट कर भारत का आभार जताया और कहा कि दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ जंग में एक-दूसरे का सहयोग कर सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत