1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. IMD Alert: दो दिन में दिल्ली पहुंचेगा मॉनसून, कल यूपी और एमपी के कई हिस्सों में देगा दस्तक

IMD Alert: दो दिन में दिल्ली पहुंचेगा मॉनसून, कल यूपी और एमपी के कई हिस्सों में देगा दस्तक

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 12, 2021 02:23 pm IST,  Updated : Jun 12, 2021 02:23 pm IST

MD के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामनी ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित उत्तर भारत में साउथ वेस्ट मॉनसून 14-15 जून तक पहुंचेगा।

IMD Alert Southwest monsoon Punjab, Haryana, Delhi by June 14-15 IMD Alert: दो दिन में दिल्ली पहुंचे- India TV Hindi
IMD Alert: दो दिन में दिल्ली पहुंचेगा मॉनसून, कल यूपी और एमपी के कई हिस्सों में देगा दस्तक Image Source : PTI

नई दिल्ली. दिल्ली में आने वाले दो-तीन दिनों में मॉनसून के पहुंचने की संभावना है। IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामनी ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित उत्तर भारत में साउथ वेस्ट मॉनसून 14-15 जून तक पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि आज साउथ वेस्ट मॉनसून बंगाल की खाड़ी, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के शेष हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। कल यह उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश को कवर कर लेगा।

मुंबई में भारी बारिश

मुंबई में शनिवार सुबह तक पिछले 24 घंटे में भारी बारिश हुई लेकिन इस दौरान शहर में बड़े पैमाने पर जलजमाव की कोई सूचना नहीं है और स्थानीय ट्रेनों के साथ बसें भी अपने तय समय पर चलीं। अधिकारियों ने इस बारे में बताया। मुंबई को शुक्रवार सुबह बारिश से थोड़ी राहत मिली। इससे पहले दो दिन भारी बारिश के कारण शहर में जनजीवन ठप रहा था। कुछ समय के लिए बारिश थमने के बाद दिन भर लगातार बारिश होती रही। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में मुंबई में औसतन 79.66 मिमी बारिश दर्ज की गयी जबकि पश्चिमी और पूर्वी उपनगरों में क्रमश: 92.68 मिमी और 89.
30 मिमी बारिश दर्ज की गयी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार 24 घंटे के दौरान 65 से 115 मिमी बारिश को ‘‘भारी बारिश’’, 115 से 204 मिमी को ‘‘बहुत भारी बारिश’’ और 204 मिमी से अधिक बारिश को ‘‘अत्यधिक भारी बारिश’’ की श्रेणी में माना जाता है। आईएमडी ने मुंबई में शनिवार को ‘ऑरेंज अलर्ट’ और रविवार के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।

मौसम विभाग ने इससे पहले मुंबई और ठाणे जिलों में कुछ जगहों पर ‘‘भारी से अत्यंत अधिक बारिश’’ होने का पूर्वानुमान जताया था। आईएमडी की चेतावनी के बाद बीएमसी ने भी अगले दो दिनों में ‘‘अत्यंत अधिक बारिश’’ के पूर्वानुमान के मद्देनजर संबंधित एजेंसियों को ‘‘हाई अलर्ट’’ जारी किया है।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि बेस्ट और अडाणी समेत अन्य एजेंसियों जैसी बिजली वितरण कंपनियों के साथ निकाय द्वारा संचालित सभी नियंत्रण कक्षों को ‘‘हाई अलर्ट’’ जारी कर सतर्क रहने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा नौसेना एवं राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को जरूरत पड़ने पर तैयार रहने को कहा गया है।

बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को बारिश के बावजूद बेस्ट की बसें और मध्य रेलवे एवं पश्चिम रेलवे की उपनगरीय ट्रेन सेवाएं अपने तय समय से चलीं और किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह भी शहर एवं उपनगरों के अधिकतर हिस्सों में बारिश थमी रही और निचले इलाकों में कहीं भी बड़े पैमाने पर जलजमाव की सूचना नहीं मिली। शहर की सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी सामान्य रही। बीएमसी के अनुसार शनिवार को दिन में एक बजकर 32 मिनट पर समुद्र में 4.34 मीटर ऊंची लहरें और शाम में सात बजकर 27 मिनट पर 1.89 मीटर ऊंची लहनें की संभावना है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत