1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. IMD Weather Update: यूपी से पंजाब तक छाया घना कोहरा, सर्द हवाओं के बीच बढ़ी ठिठुरन, यहां जल्द हो सकती है बर्फबारी और बारिश

IMD Weather Update: यूपी से पंजाब तक छाया घना कोहरा, सर्द हवाओं के बीच बढ़ी ठिठुरन, यहां जल्द हो सकती है बर्फबारी और बारिश

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 18, 2021 08:33 am IST,  Updated : Jan 18, 2021 08:33 am IST

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश में आज घने से लेकर बेहद सघन कोहरा छाया रहा।

IMD Weather - India TV Hindi
IMD Weather 

सर्द हवाओं और ठिठुरन के बीच उत्तर भारत के लोगों की सोमवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश में आज घने से लेकर बेहद सघन कोहरा छाया रहा। इसके साथ ही दिल्ली, उत्तर-पश्चिम राजस्थान, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश, बिहार, असम और मेघालय में मध्यम से घने कोहरे के बीच सुबह का आगाज़ हुआ। घने कोहरे की वजह से सामान्य यातायात पर काफी असर पड़ रहा है। ट्रेनें और हवाई सेवा घंटों विलंब से चल रही है। वही हाइवे पर सुबह और रात के वक्त यात्रा करने पर दुर्घटना का अंदेशा बढ़ गया है। 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार सोमवार सुबह 5:30 बजे विजिबिलिटी काफी कम आंकी गई। चंडीगढ़, बरेली और गोरखपुर विजिबिलिटी 25 मीटर रिकॉर्ड की गई। वहीं अमृतसर, अंबाला, गंगानगर, ग्वालियर, बहराइच, पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया, गुवाहाटी, तेजपुर, अगरतला और सिलचर में 50 मीटर विजिबिलिटी रही। दूसरी ओर पटियाला, हिसार, आगरा और लखनऊ 200 मी​टर और दिल्ली-सफदरजंग और पालम- 500 मीटर विजिबिलिटी रिकॉर्ड की गई।

न्यूनतम तापमान में वृद्धि

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान में वृ​द्धि दर्ज की गई है। आज सुबह 5:30 बजे, पालम और सफदरजंग में क्रमशः 10 ℃ और 11.2 ℃ तापमान दर्ज किया गया। जबकि दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। वहीं शनिवार को न्यूनतम तामपान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।  राजधानी दिल्ली में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश की बात करें तो मौसम विभाग के मुताबिक आज गोरखपुर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

22 से कश्मीर में बिछेगी बर्फ की चादर

जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। जम्मू-कश्मीर के ज्यादातर इलाकों में तापमान शून्य से नीचे हैं। अब मौसम विभाग (IMD) ने संभावना जताई है कि 22 से 25 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर के उंचे इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश होने की संभावना है। स्थानीय मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने कहा, "23 जनवरी की शाम से 25 जनवरी की शाम तक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को एक पश्चिमी विक्षोभ द्वारा प्रभावित करने की संभावना है। 24 जनवरी को मुख्य गतिविधि के दौरान जम्मू और कश्मीर के मैदानी इलाकों में चमक के साथ हल्की से मध्यम बर्फबारी/बारिश होगी। हालांकि हमें पिछले बार की तुलना में कम तीव्रता की बारिश की उम्मीद है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत