1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में आधी रात मस्जिद पर बुलडोलर एक्शन पर हंगामा, AIMIM नेता बोले- 'सहारनपुर पार्ट-2'

दिल्ली में आधी रात मस्जिद पर बुलडोलर एक्शन पर हंगामा, AIMIM नेता बोले- 'सहारनपुर पार्ट-2'

 Reported By: Shoaib Raza,  Anamika Gaur,  Written By: Vinay Trivedi
 Published : Sep 23, 2026 07:22 am IST,  Updated : Sep 23, 2026 08:11 am IST

दिल्ली के शालीमार बाग में आधी रात मस्जिद पर बुलडोलर एक्शन से हंगामा हो गया। इस दौरान, दिल्ली AIMIM की टीम मौके पर पहुंची और इस घटना के 'सहारनपुर पार्ट-2' होने का दावा किया।

Shalimar Bagh mosque demolition- India TV Hindi
शालीमार बाग में मस्जिद पर बुलडोलर एक्शन हुआ है। Image Source : @SHOAIBJAMEI

दिल्ली के एक इलाके में आधी रात को बुलडोजर एक्शन से हड़कंप मच गया। यह बुलडोजर कार्रवाई दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में हुई, जहां सड़क चौड़ीकरण के लिए देर रात एक मस्जिद पर बुलडोजर चला। मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन होने से स्थानीय लोगों ने हंगामा किया। मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन की खबर पर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी के नेता भी मौके पर पहुंच गए और इसका विरोध किया।

तीन बार दिया जा चुका था मस्जिद खाली करने का नोटिस

शालीमार बाग में स्थित मदीना मस्जिद के इमाम को 15 दिन में तीन बार मस्जिद खाली करने के लिए नोटिस दिया जा चुका था लेकिन फिर भी मस्जिद खाली नहीं कराई गई थी। हाई कोर्ट के आदेश के बाद यहां बुलडोजर की कार्रवाई की गई है। सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। सड़क को 30 मीटर चौड़ा करना है। 3 महीने से यहां लगातार नोटिस दिया जा रहा था, जो मकान अवैध हैं, सड़क किनारे हैं, उन्हें तोड़ा जाना था। इसमें मदीना मस्जिद भी शामिल थी। मई-जून में भी यहां पर बुलडोजर की कार्रवाई हुई थी लगभग 150 घरों को तोड़ा गया था।

AIMIM नेता ने कार्रवाई को बताया सहारनपुर पार्ट-2

AIMIM के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष शोएब जमई ने दावा किया कि रात के 3 बजे मस्जिद पर बुलडोजर चलाया गया है। इतना ही नहीं, अपने बयान में जमई ने शालीमार बाग में मस्जिद पर बुलडोजर कार्रवाई को सहारनपुर पार्ट-2 बताया है।

लगाया मस्जिद के इमाम से नहीं मिलने देने का आरोप

शोएब जमई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया था, 'पार्टी अध्यक्ष बैरिस्टर ओवैसी के निर्देश पर आज देर रात सूचना मिलते ही AIMIM दिल्ली की टीम शालीमार बाग इलाके में पहुंच चुकी है, जहां एक मस्जिद पर बुलडोजर चलाया जा रहा था। पुलिस प्रशासन हमें किसके इशारे पर मस्जिद के इमाम से मिलने नहीं दे रही है।'

शोएब ने लगाई धार्मिक किताब निकालने देने की गुहार

इस पोस्ट के साथ शोएब जमई ने एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें वह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि रात में वहां पर मस्जिद तोड़ दी गई। मोहलत तक नहीं दी गई। यही काम यहां हो रहा है। ये घटना सहारनपुर पार्ट-2 है। मस्जिद कमेटी के लोग डर में हैं कि कहीं पूरी मस्जिद ना तोड़ दी जाए। 100-200 मीटर तक लोगों को जाने नहीं दिया जा रहा है। मस्जिद के इमाम को नहीं जाने दिया जा रहा है। आप वहां कुरान तो निकालने दीजिए। हमारी इतनी पवित्र किताब है।

हाल ही में जामा मस्जिद के पास भी चला था बुलडोजर

शोएब जमई ने आगे कहा कि कैसे इस तरीके का ऐसा जुल्म कर सकते हैं? संविधान की शपथ लेकर के हमारे अधिकारी यहां पर आते हैं। आप संविधान की शपथ भूल गए। एक अन्य खबर में हाल ही में दिल्ली में जामा मस्जिद के आसपास बुलडोजर एक्शन हुआ था। तब पार्कों में बनाई गईं अवैध दुकानों को गिराया गया था।

जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने दिल्ली में बुलाई बड़ी बैठक

देशभर में मस्जिदों पर चल रहे बुलडोजर के मामले में आज जमीयत उलेमा-ए-हिंद की दिल्ली में बड़ी बैठक हुई। मौलाना महमूद मदनी ने ये बैठक बुलाई है। दरअसल, मदरसों और मस्जिदों पर हो रही कार्रवाई से मुस्लिम संगठन नाराज हैं। आज की बैठक में बड़ा फैसला लिया जा सकता है। कानूनी लड़ाई के अलावा दूसरे विकल्पों का रोडमैप आज बैठक में रखा जाएगा।

ये भी पढ़ें- सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद पर चला बुलडोजर, भारी पुलिस फोर्स के बीच हुआ ध्वस्तीकरण

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।