नई दिल्ली: मोस्ट वॉन्टेड अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को भारत पाकिस्तान में ही उड़ाने की तैयारी में था, लेकिन मुंबई पुलिस के कुछ अफसरों की वजह से पूरा ऑपरेशन चौपट हो गया। पूर्व होम सेक्रेटरी और बीजेपी लीडर आरके सिंह ने यह खुलासा किया है।
सिंह ने एक समाचार चैनल को दिए एक साक्षात्कार में खुलासा किया कि अटल बिहारी वाजपेयी जब प्रधानमंत्री थे तब दाऊद को खत्म करने के लिए भारत सरकार ने छोटा राजन गैंग के गुर्गों को तैयार किया था। लेकिन मुंबई पुलिस के कुछ भ्रष्ट अफसरों ने इसकी सूचना डी-कंपनी तक पहुंचा दी थी। इसकी वजह से पूरी योजना पर पानी फिर गया।
सिंह ने बताया कि भारत सरकार ने छोटा राजन गिरोह के कुछ लोगों को इस मिशन से जोड़ा और उन्हें सीक्रेट लोकेशन्स पर ट्रेनिंग देनी शुरू की लेकिन दाऊद से जुड़े मुंबई पुलिस के कुछ अफसर ट्रेनिंग कैंप पर इन लोगों को अरेस्ट करने पहुंच गए।
आरके सिंह ने कहा कि पाकिस्तान 'बेशर्मी के साथ' इन्कार करेगा कि दाऊद वहां नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर उसे वापस लाना है तो ‘अन्य तरीके’ अपनाने होंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान के लिए ‘अन्य समूहों’ को धन मुहैया किया जा सकता है और प्रशिक्षण दिया जा सकता है।
यह पूछे जाने पर कि इस तरह का अभियान चलाने से भारतीय एजेंसियों को क्या रोक रहा है, सिंह ने कहा कि राजनीतिक दृढ़ता और फैसला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को अपनी एजेंसियों को बताना होगा कि यह किया जाना है। इसके बाद यह होगा।
सिंह ने पाकिस्तान से पैदा होकर देश में होने वाले आतंकी हमलों के खिलाफ कड़ी जवाबी कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि भारत को इजरायल जैसा बनना होगा वरना लोग हमें निशाना बनाते रहेंगे और हम चोट खाते रहेंगे।
यह पूछे जाने पर कि क्या उनका मतलब ओसामा बिन लादेन को मारने के लिए अमेरिका द्वारा पाकिस्तान में चलाए गए अभियान से है, उन्होंने कहा कि बिल्कुल ऐसा नहीं, लेकिन कुछ मिलता-जुलता।
सिंह की ये टिप्पणियां ऐसे समय आई हैं जब पाकिस्तान ने भारत के साथ एनएसए स्तरीय वार्ता रद कर दी। नई दिल्ली में प्रस्तावित बैठक में पड़ोसी देश में दाऊद के रहने के नए सबूत पेश करने वाली थी।
अगली स्लाइड में पढ़ें भारत से डरकर ISI ने बदला दाऊद इब्राहिम का ठिकाना......