1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ISI से संबंध के शक में दार्जीलिंग से सैनिक गिरफ्तार

ISI से संबंध के शक में दार्जीलिंग से सैनिक गिरफ्तार

 Written By: IANS
 Published : Dec 07, 2015 07:57 am IST,  Updated : Dec 07, 2015 07:57 am IST

पाकिस्तान की जासूसी के शक में हिरासत में लिए गए एक सैनिक को दिल्ली पुलिस ने पश्चिम बंगाल के दार्जीलिंग में रविवार को गिरफ्तार कर लिया।

isi- India TV Hindi
isi

नई दिल्ली: पाकिस्तान की जासूसी के शक में हिरासत में लिए गए एक सैनिक को दिल्ली पुलिस ने पश्चिम बंगाल के दार्जीलिंग में रविवार को गिरफ्तार कर लिया। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया, "जम्मू एवं कश्मीर लाइट इंफैंट्री के राइफलमैन फरीद खान को सेना ने कुछ दिन पहले हिरासत में लिया था। उसके पास से कुछ संदिग्ध दस्तावेज मिले थे।" फरीद खान उर्फ सर्जन बीते कुछ हफ्तों से पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी में तैनात था।

दिल्ली में एक पुलिस सूत्र ने बताया, "वह 2014 में ISI (पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी) एजेंट कैफेतुल्ला के संपर्क में आया था। साबर नाम के एक स्कूल अध्यापक ने उसे कैफेतुल्ला से मिलाया था।" दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा द्वारा 2 दिसंबर को किए गए अनुरोध पर फरीद को सेना ने सिलिगुड़ी में हिरासत में लिया था।

इससे पहले दिल्ली पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के हेड कांस्टेबल अब्दुल रशीद और लाइब्रेरी सहायक कैफेतुल्ला खान उर्फ मास्टर राजा (44) को भारत की सुरक्षा से संबंधित सूचनाओं को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई को देने के आरोप में गिरफ्तार किया था। कैफेतुल्ला को 26 नवंबर को दिल्ली से और अब्दुल रशीद को जम्मू एवं कश्मीर के रजौरी से पकड़ा गया था। कैफेतुल्ला भी रजौरी का रहने वाला है। रशीद रजौरी में बीएसएफ की खुफिया शाखा में काम कर रहा था। वह पैसे के लिए आईएसआई को सूचनाएं दे रहा था।

राज्य पुलिस के विशेष कार्यबल (STF) ने 14 नवंबर को आईएसआई के छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारियां अख्तर खान की गिरफ्तारी के बाद हुईं। एसटीएफ ने इसके बाद अख्तर के भाई जफर, इरशाद अंसारी, अशफाक अंसारी और मोहम्मद जहांगीर को गिरफ्तार किया। इनके पास से जाली मुद्रा समेत कई फर्जी दस्तावेज मिले थे। साथ ही गार्डेन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स का हाथ से बना नक्शा भी मिला था। यहां भारतीय नौसेना के युद्धपोत बनाए जाते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत