नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर स्याही फेंकने वाली लड़की भावना अरोड़ा को कोर्ट ने एक दिन की रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने अदालत में कहा कि स्याहीकांड का पूरा सच जानने के लिये उन्हें भावना से पूछताछ करनी ज़रूरी है इसलिये उसे रिमांड पर भेजा जाए। पुलिस ने कहा कि पूरा सच सामने लाया जाएगा।
दिल्ली पुलिस ने आज अदालत से कहा कि उसे इस पूरे स्याही कांड के पीछे किसी बड़ी साज़िश का शक है, पुलिस ने ज़ोर देकर कहा कि एक दिन की रिमांड की जरूरत है ताकि पूछताछ की जा सके। रोहिणी कोर्ट ने आखिरकार लड़की को एक दिन की रिमांड पर भेज दिया।
स्याही कांड को लेकर आज दिल्ली के पुलिस कमिश्नर बी एस बस्सी गृह मंत्रालय रिपोर्ट देने भी पहुंचे। बस्सी ने कहा कि इस केस की जांच कर सच का पता लगाया जाएगा।
गौरतलब है कि दिल्ली में सम-विषम योजना की सफलता को लेकर आयोजित धन्यवाद रैली में एक युवा महिला ने सीएम केजरीवाल पर स्याही फेंक दी जिस पर आप ने इस पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए इसे भाजपा की साजिश करार दिया।
जब केजरीवाल अपना भाषण दे रहे थे तब महिला मंच के पास आई और उसने उनकी ओर कुछ कागज लहराए और उसके कुछ ही समय बाद केजरीवाल पर स्याही फेंकी। कुछ स्याही मुख्यमंत्री तथा उनके पास खड़े लोगों पर भी गिरी।