1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कांग्रेस की आंतरिक रिपोर्ट का दावा- 2019 में बन सकती है सरकार, इतनी सीटें मिलने की उम्मीद

कांग्रेस की आंतरिक रिपोर्ट का दावा- 2019 में बन सकती है सरकार, इतनी सीटें मिलने की उम्मीद

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 18, 2018 07:34 pm IST,  Updated : Jun 18, 2018 09:18 pm IST

कांग्रेस पार्टी ने एक आंतरिक सर्वे कराया है। इस सर्वे की रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को सौंपी जा चुकी है।

राहुल गांधी।- India TV Hindi
राहुल गांधी। Image Source : PTI

नई दिल्ली: 2019 के आम चुनाव के लिए अब राजनीतिक बिसात बिछनी शुरू हो गई है। जहां एक तरफ कांग्रेस विपक्ष को एकजुट करके 2019 में बीजेपी को मात देने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है तो वहीं कई विपक्षी नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में 2019 की लड़ाई लड़ने को लेकर अभी भी मन नहीं बना पाए हैं। इस सब के बीच कांग्रेस पार्टी ने एक आंतरिक सर्वे कराया है। इस सर्वे की रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को सौंपी जा चुकी है। 

इस रिपोर्ट की माने तो 2019 में बीजेपी 282 से घटकर 160 पर आ सकती है वहीं कांग्रेस जो 44 सीटों पर थी वो बढ़कर 140 सीटों पर पहुंच जाएगी। इसके अलावा गैर कांग्रेस गैर बीजेपी दल भी करीब 140-150 सीटें जीतने में कामयाब रहेंगे। ऐसी सूरत में कांग्रेस को उम्मीद है कि अन्य दलों के गठबंधन से वो सरकार बनाने में कामयाब हो सकती है। पार्टी का दावा है कि सीधी लड़ाई में कांग्रेस 120 सीटें जीत सकती है और वहीं गठबंधन में पार्टी करीब 20 सीटें जीत सकती है। बड़ी बात ये है कि कांग्रेस सिर्फ 250-300 सीटें लड़कर ही 140 सीटें जीतने की बात कर रही है। 

अगर विपक्षी नेताओं की बात करें तो उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को दिल्ली आ रहे हैं। राहुल गांधी के जन्मदिन के मौके पर दिल्ली पहुंच रहे अखिलेश यादव कांग्रेस के साथ सीधे गठबंधन के पक्ष में नजर नहीं आ रहे हैं। इंडिया टीवी को मिली जानकारी के अनुसार अखिलेश यादव कांग्रेस के साथ सीधे गठबंधन को तैयार नहीं है। वहीं ममता बनर्जी भी राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ने को सहमत होती नहीं दिख रही है। सोनिया गांधी ने अहमद पटेल को ममता से तालमेल बनाने के लिए आगे किया है। इस सबको देखकर लग रहा है कांग्रेस 2019 के लिए अब तेजी से चुनावी मोड में आती दिख रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत