1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. International Yoga Day 2019: रांची के प्रभात तारा मैदान में 40 हजार लोगों के साथ योग करेंगे PM मोदी

International Yoga Day 2019: रांची के प्रभात तारा मैदान में 40 हजार लोगों के साथ योग करेंगे PM मोदी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 20, 2019 11:05 pm IST,  Updated : Jun 21, 2019 06:10 am IST

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांचवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रांची में हो रहे मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विशेष विमान से बृहस्पतिवार रात लगभग साढ़े दस बजे यहां पहुंच गए हैं।

International Yoga Day in Ranchi- India TV Hindi
Workers erect a billboard showing Prime Minister Narendra Modi doing Yoga on the eve of 5th International Yoga Day in Ranchi, Jharkhand, Thursday, June 20, 2019. PM Modi will be participating in the Yoga event in the city Image Source : PTI

रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांचवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रांची में हो रहे मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विशेष विमान से गुरुवार की रात रांची पहुंचे। प्रधानमंत्री ने रांची में राजभवन में रात्रि विश्राम किया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर आज वह योग कार्यक्रम में धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में चालीस से पचास हजार लोगों के साथ योग करेंगे। रांची के इस मैदान में सुबह से ही हजारों लोगों की भीड़ जमा है।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने एक बार फिर मुख्य कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया और बाद में स्थानीय मीडिया से बातचीत में कहा, ‘‘योग जोड़ने का काम करती है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग के माध्यम से पूरी दुनिया को जोड़ने का काम किया है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लोगों की सुविधाओं के लिए पुख्ता व्यवस्थाएं की गई हैं।

इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘हृदय के लिए योग’:योग फॉर हार्ट’ रखा गया है। रांची के उपायुक्त राय महिमापत रे ने प्रभात तारा मैदान में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, अस्थायी शौचालय, मेडिकल टीम, एंबुलेंस और एनडीआरएफ के साथ सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पर्याप्त संख्या में जवानों की तैनाती की गई है। शुक्रवार सुबह योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में मंच पर प्रधानमंत्री के साथ राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीपद येसो नाइक और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम स्थल पर योग करने वालों के लिए सुबह 3 बजे से प्रवेश प्रारम्भ होगा। प्रवेश के लिए 11 प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। योग करने वाले सभी लोग आयोजन स्थल पर सुबह पांच बजे तक प्रवेश कर सकेंगे। योग शिविर में आने वालों के आवागमन हेतु मुफ्त बस सेवा का परिचालन मध्य रात्रि से प्रारंभ हो जायेगा। योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हो रहे लगभग 40 से 50 हजार लोगों में से 35 हजार तक आम जन होंगे। इस कार्यक्रम के लिए 10 हजार लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।

इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रांची में लोगों का उत्साह चरम पर है और प्रधानमंत्री के साथ योग करने के लिए लोगों की बड़ी संख्या को देखते हुए आनलाइन पंजीकरण प्रशासन को रोकना पड़ा है। रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक अनीस गुप्ता ने बताया कि जिला बल, झारखंड सशस्त्र बल और त्वरित कार्यबल के जवान कार्यक्रम स्थल पर तैनात किए गए हैं। 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की गई है। हर जांच बिंदू पर 6-7 डीएफएमजी लगाए गए हैं।

पार्किंग एरिया में भी जवान तैनात रहेंगे। लोगों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी बनाये गये हैं। रांची के उपायुक्त महिमापत रे ने बताया कि इन सब के अलावा कार्यक्रम स्थल में 400 अस्थायी शौचालय की व्यवस्था की गई है। दो सौ से ज्यादा पेयजल केन्द्र बनाये गए हैं। एक सौ के पानी के टैंकर लगाए गए हैं और आठ मेडिकल रिस्पांस टीमों एवं 21 एंबुलेंस की तैनाती की गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत