1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जेटली का अमेरिका में आपरेशन हुआ, दो सप्ताह आराम की सलाह

जेटली का अमेरिका में आपरेशन हुआ, दो सप्ताह आराम की सलाह

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 23, 2019 11:46 pm IST,  Updated : Jan 23, 2019 11:46 pm IST

केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली का मंगलवार को न्यूयॉर्क के एक अस्पताल में आपरेशन हुआ। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि चिकित्सकों ने जेटली को दो सप्ताह आराम करने की सलाह दी है। 

Arun Jaitley- India TV Hindi
Arun Jaitley

नयी दिल्ली: केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली का मंगलवार को न्यूयॉर्क के एक अस्पताल में आपरेशन हुआ। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि चिकित्सकों ने जेटली को दो सप्ताह आराम करने की सलाह दी है। जेटली (66 वर्ष) 13 जनवरी को अमेरिका गए थे। सूत्रों ने कहा कि इस सप्ताह ही उनकी ‘सॉफ्ट टिश्यू’ कैंसर के लिए जांच की गई थी। इस दौरान भी जेटली सोशल मीडिया पर सक्रिय रहे। फेसबुक पर पोस्ट लिखने के अलावा उन्होंने मौजूदा मुद्दों पर ट्वीट भी किए। 

इससे पहले पिछले साल 14 मई को जेटली का एम्स में गुर्दा प्रत्यारोपण हुआ था। उसके बाद से वह विदेश नहीं गए थे। इसी महीने जेटली को आगामी आम चुनाव के लिए भाजपा का प्रचार प्रमुख बनाया गया था। इस बीच, अंतरिम बजट पेश करने से नौ दिन पहले रेल मंत्री पीयूष गोयल को बुधवार को वित्त और कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया गया है। 

भाजपा की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को एक फरवरी को अपने मौजूदा कार्यकाल का अंतिम बजट पेश करना है। जेटली को उनके इलाज तक बिना पोर्टफोलियो वाला मंत्री बनाया गया है। जेटली पिछले साल गुर्दा प्रत्यारोपण के बाद 23 अगस्त को काम पर लौट आए थे और उन्होंने वित्त और कॉरपोरेट मंत्रालयों की जिम्मेदारी फिर संभाल ली थी। नरेंद्र मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से जेटली के पास वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी है। 14 मई, 2018 से 23 अगस्त, 2018 तक वह बिना पोर्टफोलियो के मंत्री रह चुके हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत