1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू कश्मीर में Covid-19 के 74 नये मामले सामने आये, संक्रमितों की कुल संख्या 1.26 लाख के पार

जम्मू कश्मीर में Covid-19 के 74 नये मामले सामने आये, संक्रमितों की कुल संख्या 1.26 लाख के पार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 24, 2021 08:46 pm IST,  Updated : Feb 24, 2021 08:46 pm IST

जम्मू कश्मीर में बुधवार को कोविड-19 के 74 नये मामले सामने आये जिससे केंद्र शासित प्रदेश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,26,093 हो गई। वहीं पिछले 24 घंटे में संक्रमण से कोई मौत नहीं हुई।

Jammu and Kashmir records 74 new COVID-19 cases- India TV Hindi
जम्मू कश्मीर में कोविड-19 के 74 नये मामले सामने आये जिससे संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,26,093 हो गई।  Image Source : PTI

श्रीनगर: जम्मू कश्मीर में बुधवार को कोविड-19 के 74 नये मामले सामने आये जिससे केंद्र शासित प्रदेश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,26,093 हो गई। वहीं पिछले 24 घंटे में संक्रमण से कोई मौत नहीं हुई। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। अधिकारियों ने बताया कि नये मामलों में से 20 मामले जम्मू संभाग से और कश्मीर संभाग में 54 नये मामले सामने आये। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर जिले में सबसे अधिक 19 मामले, बारामूला में 14 और उधमपुर में 11 मामले सामने आये। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश में उपचाराधीन मामलों की संख्या बढ़कर 771 हो गई है। वहीं अभी तक 1,23,367 मरीज ठीक हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि मृतक संख्या 1,955 बनी हुई है क्योंकि पिछले 24 घंटे में किसी भी मरीज की मृत्यु नहीं हुई। 

वही, भारत में एक दिन में कोविड-19 के 13,742 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,10,30,176 हो गई। इनमें से 1,07,26,702 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, वायरस से 104 और लोगों की मौत से मृतकों की कुल संख्या बढ़कर  1,56,567 हो गई। आंकड़ों के अनुसार, कुल 1,07,26,702 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के बाद देश में मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 97.25 प्रतिशत हो गई। 

वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.42 प्रतिशत है। देश में अभी 1,46,907 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.33 प्रतिशत है। देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख और 19 दिसम्बर को एक करोड़ के पार चले गए थे। 

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, देश में 23 फरवरी तक 21,30,36,275 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की जा चुकी है। इनमें से 8,05,844 नमूनों की जांच मंगलवार को की गई थी। इस बीच  केन्द्र ने महाराष्ट्र, केरल, गुजरात, पंजाब, कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर सहित कई राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर स्थिति से निपटने में मदद के लिए अपने उच्च स्तरीय दल भेजे हैं।

ये भी पढ़ें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत