1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू-कश्मीर में नहीं थम रही कोरोना की रफ्तार, 442 नए मामले सामने आए

जम्मू-कश्मीर में नहीं थम रही कोरोना की रफ्तार, 442 नए मामले सामने आए

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 05, 2021 10:24 pm IST,  Updated : Apr 05, 2021 10:24 pm IST

जम्मू एवं कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से कोरोना महामारी अपने चरम पर है। यहां सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान 442 नए मामले सामने आए हैं और इस दौरान संक्रमण की वजह से दो और मरीजों ने दम तोड़ दिया है। 

Jammu and Kashmir reports 442 new Coronavirus cases, 2 fatalities- India TV Hindi
जम्मू एवं कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से कोरोना महामारी अपने चरम पर है। Image Source : PTI

जम्मू: जम्मू एवं कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से कोरोना महामारी अपने चरम पर है। यहां सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान 442 नए मामले सामने आए हैं और इस दौरान संक्रमण की वजह से दो और मरीजों ने दम तोड़ दिया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि नए मामलों में 162 जम्मू संभाग से जबकि 280 मामले कश्मीर संभाग से सामने आए हैं। इसके अलावा 241 मरीजों को ठीक होने के बाद विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। कोविड-19 संक्रमण में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए अधिकारियों ने सोमवार को घाटी में डॉक्टरों और पैरामेडिक्स को दी गई सभी छुट्टियों को रद्द कर दिया और उन्हें अपने निर्धारित स्थान पर तुरंत रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है।

जम्मू एवं कश्मीर में अब तक 133,454 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, जिनमें से 127,290 लोग ठीक हो चुके हैं और 2,010 ने दम तोड़ दिया है। यहां सक्रिय मामलों की संख्या अब 4,154 है, जिनमें से 1,024 जम्मू संभाग से और 3,130 कश्मीर संभाग से हैं।

वहीं भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के दैनिक मामले मात्र 25 दिन में 20,000 से बढ़कर एक लाख की संख्या पार कर चुके हैं, जबकि पिछले साल 17 सितंबर को दैनिक मामलों के उस समय की अपनी चरम संख्या 97,894 पहुंचने में 76 दिन का समय लगा था। यह दर्शाता है कि यह संक्रमण अत्यंत तेजी से फैल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के अब तक के सर्वाधिक 1,03,558 नए मामले सामने आए और इसी के साथ देशभर में अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,25,89,067 हो गई।

आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र में सर्वाधिक नए मामले दर्ज किए गए। महाराष्ट्र में 57,074 मामले सामने आए, जो सोमवार को देश भर में सामने आए नए मामलों का 55.11 प्रतिशत है। इसके बाद छत्तीसगढ़ में 5,250 और कर्नाटक में 4,553 नए मामले सामने आए। महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश और पंजाब में दैनिक नए मामलों की संख्या तेजी से बढ़ी है और पिछले 24 घंटे में देशभर में नए मामलों में से 81.90 प्रतिशत मामले इन्हीं राज्यों में सामने आए हैं। 

आंकड़ों के अनुसार देश में 14 दिसंबर के बाद से मामलों में दैनिक बढ़ोतरी की संख्या 30,000 से कम हो गई थी और इस साल दो फरवरी को 8,635 नए मामले सामने आए थे जो अब तक इस साल सामने आए सबसे कम दैनिक मामले हैं। आंकड़ों के अनुसार देश में अभी 7,41,830 संक्रमित लोग उपचाराधीन हैं, जो देश में संक्रमण के कुल मामलों का 5.89 प्रतिशत है, जबकि संक्रमण के बाद लोगों के स्वस्थ होने की दर गिरकर 92.80 प्रतिशत रह गई है। 

पिछले 24 घंटों में कुल उपचाराधीन मामलों की संख्या में 50,233 मामलों की बढ़ोतरी हुई है। देश में कुल उपचाराधीन मामलों के 75.88 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, केरल और पंजाब में दर्ज किए गए हैं। उपचाराधीन मामलों में से 58.23 प्रतिशत मामले केवल महाराष्ट्र में हैं। उपचाराधीन मरीजों की सबसे कम संख्या (1,35,926) 12 फरवरी को थी, जो कुल मामलों का 1.25 प्रतिशत थी। देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवम्बर को 90 लाख रहे और 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार चले गए थे। 

ये भी पढ़ें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत