1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्‍मू कश्‍मीर: धारा 370 हटने के बाद पहला एन्‍काउंटर, बारामुला में आतंकी ढेर, एक जवान शहीद

जम्‍मू कश्‍मीर: धारा 370 हटने के बाद पहला एन्‍काउंटर, बारामुला में आतंकी ढेर, एक जवान शहीद

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 21, 2019 09:13 am IST,  Updated : Aug 21, 2019 12:10 pm IST

जम्मू कश्मीर के बारामूला में कल रात से शुरू हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है।

Jammu Kashmir - India TV Hindi
Jammu Kashmir  Image Source : PTI

श्रीनगर। जम्‍मू कश्‍मीर के बारामूला में कल रात से शुरू हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षाबलों ने इस मुठभेड़ में एक आतंकी को मार गिराया है। लेकिन इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को भी नुकसान पहुंचा है। आतंकियों से मुकाबला करते हुए पुलिस का एक एसपीओ शहीद हो गया। वहीं एक जवान घायल बताया जा रहा है। 

बता दें कि 370 हटने के बाद कश्मीर से एनकाउंटर की ये पहली घटना है। सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि इलाके में दो आतंकवादी छुपे हैं जिसके बाद इलाके को घेर लिया गया है। सुरक्षाबलों पर छुपे हुए आतंकवादियों ने गोलीबारी की जिसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की। 

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों और पुलिस ने संयुक्त रूप से गनी-हमम क्षेत्र में तलाश अभियान शुरू किया था। उन्होंने बताया कि तलाश अभियान के दौरान वहां छुपे हुए आतंकवादियों ने बल पर गोलियां चलानी शुरू कर दी, जिसका बल ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। प्रवक्ता ने बताया कि मुठभेड़ में एसपीओ बिलाल अहमद और एसआई अमरदीप परिहार घायल हो गए। उन्होंने बताया कि एसपीओ अहमद ने बाद में दम तोड़ दिया और एसआई परिहार सेना के अस्पताल में भर्ती है। 

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ हम शहीद बिलाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिन्होंने ड्यूटी के दौरान सबसे बड़ा बलिदान दिया।’’ उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान एक आतंकवादी भी मारा गया और उसका शव मौके से बरामद कर लिया गया है। आतंकवादी की पहचान और उसके समूह का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल से हथियार, गोला बारूद और अन्य सामग्री भी बरामद हुई है। प्रवक्ता ने बताया कि लोगों से मुठभेड़ स्थल पर ना जाने को कहा गया है क्योंकि वहां अभी विस्फोटक सामग्री होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की गहन छानबीन किए जाने और विस्फोटक सामग्री को हटाए जाने तक लोगों से पुलिस के साथ सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत