1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जेसिका लाल की बहन सबरीना का निधन, भाई रंजीत लाल ने दी जानकारी

जेसिका लाल की बहन सबरीना का निधन, भाई रंजीत लाल ने दी जानकारी

 Reported By: Abhay Parashar @abhayparashar
 Published : Aug 15, 2021 11:20 pm IST,  Updated : Aug 15, 2021 11:20 pm IST

सबरीना लाल के भाई रंजीत लाल ने बताया कि, 'वह (सबरीना) अस्वस्थ थीं और उनका अस्पताल आना-जाना लगा रहता था। कल, घर में उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और हम उन्हें अस्पताल ले गए। आज शाम, उनका निधन हो गया।' 

जेसिका लाल की बहन सबरीना का निधन, भाई रंजीत लाल ने दी जानकारी- India TV Hindi
जेसिका लाल की बहन सबरीना का निधन, भाई रंजीत लाल ने दी जानकारी Image Source : ANI

नयी दिल्ली। जेसिका लाल के हत्यारों को न्याय के कठघरे में लाने के लिए लंबी कानूनी लड़ाई लड़ने वाली उनकी बहन सबरीना लाल का रविवार शाम निधन हो गया। सबरीना लाल की पारस अस्पताल गुरुग्राम में ऑर्गेन फेल होने के चलते मौत हो गई। सोमवार (16 अगस्त) दोपहर को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बता दें कि, सबरीना लाल ने अपनी बहन के हत्यारे के लिए बेहद लंबी लड़ाई लड़ी थी। पिछले काफी समय से उनकी तबियत ठीक नहीं थी डेढ़ साल से ज्यादा से उनका इलाज चल रहा था। 

सबरीना लाल के भाई रंजीत लाल ने बताया कि, 'वह (सबरीना) अस्वस्थ थीं और उनका अस्पताल आना-जाना लगा रहता था। कल, घर में उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और हम उन्हें अस्पताल ले गए। आज शाम, उनका निधन हो गया।' तत्कालीन कांग्रेस नेता विनोद शर्मा के बेटे मनू शर्मा उर्फ सिद्धार्थ वसिष्ठ ने गोली मारकर जेसिका की हत्या की थी। कुछ समय पहले अच्छे बिहेवियर के चलते मन्नू शर्मा को रिहा कर दिया गया था। 

पिछले साल, सबरीना ने एक साक्षात्कार में न्याय प्राप्त करने में महिलाओं की मदद करने के लिए अपनी बहन की स्मृति में एक फाउंडेशन शुरू करने की योजना के बारे में बात की थी। जेसिका लाल की 1999 में राष्ट्रीय राजधानी स्थित एक रेस्तरां में हत्या कर दी गई थी। सबरीना ने कहा था, 'वह (जेसिका) अपने जीवन में बहुत ही खुश और सकारात्मक नजरिए वाली थी। यह सिर्फ उसके जन्मदिन और बरसी तक सीमित नहीं है कि मुझे उसकी कमी खलती हो, हर रोज मुझे उसकी कमी खलती है। मैंने अपने घर में उसकी बहुत सी तस्वीर लगा रखी हैं और मैं उसे भूलना नहीं चाहती, ये (तस्वीरें) मुझे उसकी याद दिलाती रहती हैं।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत