1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. न्याय की जीत हुई, निर्भया के दोषियों को फांसी के बाद पीएम मोदी का ट्वीट

न्याय की जीत हुई, निर्भया के दोषियों को फांसी के बाद पीएम मोदी का ट्वीट

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 20, 2020 11:32 am IST,  Updated : Mar 20, 2020 11:36 am IST

निर्भया गैंगरेप के दोषियों को शुक्रवार सुबह दी गई फांसी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके कहा है कि न्याय हो गया।

Justice has prevailed. PM Modi tweeted thi after Nirbhaya...- India TV Hindi
Justice has prevailed. PM Modi tweeted thi after Nirbhaya convicts hanged  Image Source : NARENDRA MODI'S TWITTER

नई दिल्ली। निर्भया गैंगरेप के दोषियों को शुक्रवार सुबह दी गई फांसी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके कहा है कि न्याय की जीत हुई। अपने ट्वीट संदेश में पीएम मोदी ने लिखा, " न्याय की जीत हुई, महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा को सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारी नारी शक्ति ने हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। हमें मिलकर एक ऐसे राष्ट्र का निर्माण करना है, जहां महिला सशक्तीकरण पर ध्यान दिया जाए, जहां समानता और अवसर पर जोर हो।"

दिल्ली में 16 दिसंबर 2012 को एक महिला के साथ हुए सामूहिक बलात्कार एवं हत्या के मामले के चारों दोषियों को शुक्रवार की सुबह साढ़े पांच बजे फांसी दे दी गई। इसके साथ ही देश को झकझोर देने वाले, यौन उत्पीड़न के इस भयानक अध्याय का अंत हो गया। मुकेश सिंह (32), पवन गुप्ता (25), विनय शर्मा (26) और अक्षय कुमार सिंह (31) को सुबह साढ़े पांच बजे फांसी के फंदे पर लटकाया गया। 

इस मामले की 23 वर्षीय पीड़िता को ‘‘निर्भया’’ नाम दिया गया था जो फिजियोथैरेपी की छात्रा थी। तिहाड़ जेल के महानिदेशक संदीप गोयल ने कहा, ‘‘डॉक्टरों ने शवों की जांच की और चारों को मृत घोषित कर दिया।’’ जेल अधिकारियों ने बताया कि चारों दोषियों के शव करीब आधे घंटे तक फंदे पर झूलते रहे जो जेल नियमावली के अनुसार फांसी के बाद की अनिवार्य प्रक्रिया है।

दक्षिण एशिया के सबसे बड़े जेल परिसर तिहाड़ जेल में पहली बार चार दोषियों को एक साथ फांसी दी गई। इस जेल में 16,000 से अधिक कैदी हैं। चारों दोषियों ने फांसी से बचने के लिए अपने सभी कानूनी विकल्पों का पूरा इस्तेमाल किया और बृहस्पतिवार की रात तक इस मामले की सुनवाई चली। सामूहिक बलात्कार एवं हत्या के इस मामले के इन दोषियों को फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद तीन बार सजा की तामील के लिए तारीखें तय हुईं लेकिन फांसी टलती गई। अंतत: आज सुबह चारों दोषियों को फांसी दे दी गई। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत