
कलाम के निधन पर शोक संदेश में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उनको एक महान वैज्ञानिक, एक सच्चा राष्ट्रवादी और एक बेहतरीन इंसान बताया। गडकरी ने कहा, उनके निधन पर देश ने एक दूरदृष्टा और वैज्ञानिक समुदाय ने एक मिसाइल विशेषज्ञ खो दिया है। केंद्रीय मंत्री वैंकेया नायडू ने कहा कि कलाम अपनी कोशिश से एक खास मुकाम हासिल किया था। उन्होंने हमारे देश की विभिन्न पीढि़यों के वैज्ञानिकों और युवाओं को प्रेरित किया।
उन्होंने कहा, वर्ष 2002-2007 के दौरान राष्ट्रपति के रूप में डॉक्टर कलाम ने खुद को लोगों का राष्ट्रपति साबित किया। उन्होंने छात्रों और युवाओं को प्रेरित करने के अभियान के साथ देशभर में ढेरों यात्राएं कीं। राष्ट्रपति के रूप में उन्होंने अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों का निवर्हन पूर्ण दक्षता के साथ किया और सभी से सराहना पाई। कलाम को श्रद्धांजलि देते हुए नायडू ने कहा कि कलाम एक सच्चे राष्ट्रवादी थे और देश के गौरव थे। उन्होंने कहा, वह भारत के एक महान पुत्र थे। उन्होंने कहा कि सरकार इस बात पर विचार कर रही थी कि उन्हें दिल्ली लाया जाए या डॉक्टरों का दल शिलांग भेजा जाए लेकिन अचानक ही वे हम सबके बीच से उन्हें छीन लिया गया कि हमारे पास वक्त ही नहीं बचा। कलाम कल शिलांग में एक आयोजन के दौरान अचानक गिर गए थे, जिसके बाद उनका निधन हो गया था।