1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कंगना की मां का बयान, हम कांग्रेसी थे लेकिन साथ BJP ने दिया

कंगना की मां का बयान, हम कांग्रेसी थे लेकिन साथ BJP ने दिया

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 10, 2020 10:18 pm IST,  Updated : Sep 10, 2020 10:19 pm IST

अभिनेत्री कंगना रनौत की मां का बयान सामने आया है। कंगना की मदर का नाम आशा है। वह हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में सरकाघाट तहसील के भांबला गांव की रहने वाली हैं, कंगना का पैतृक घर यहीं पर है।

Kangana Ranaut mother thank Amit Shah for help- India TV Hindi
Kangana Ranaut mother thank Amit Shah for help Image Source : ANI

शिमला: अभिनेत्री कंगना रनौत की मां का बयान सामने आया है। कंगना की मदर का नाम आशा है। वह हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में सरकाघाट तहसील के भांबला गांव की रहने वाली हैं, कंगना का पैतृक घर यहीं पर है। कंगना की मां ने कहा कि मैं बीजेपी का बहुत धन्यवाद करती हूं। हालांकि हम बीजेपी से जुड़े भी नही थे। हम कांग्रेसी थे। हमारे परिवार के पूराने लोग भी कांग्रेसी थे। शुरुआत उन्होनें कांग्रेस से की थी। लेकिन फिर भी हमें बीजेपी से स्पोर्ट मिली। अमित शाह ने मेरी बेटी को वाई प्लस स्कियोरिटी दी। और मोदी जी का मैं बहुत धन्यवाद देती हूं। 

केंद्रीय मंत्री आठवले ने मुंबई में कंगना से मुलाकात की 

केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने बृहस्पतिवार को अभिनेत्री कंगना रनौत से मुलाकात की जो मुंबई और यहां की पुलिस पर अपने बयानों को लेकर विवाद में हैं। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) द्वारा कंगना के बंगले पर ‘अवैध’ निर्माण गिराने की कार्रवाई के एक दिन बाद आठवले ने उपनगर खार स्थित कंगना के आवास पर उनसे मुलाकात की। केंद्र में सत्तारूढ़ राजग में शामिल आरपीआई (ए) के नेता ने अभिनेत्री का समर्थन किया था और बुधवार को उनके मुंबई हवाईअड्डे पर पहुंचने पर सुरक्षा प्रदान करने की पेशकश की थी। 

हालांकि केंद्रीय मंत्री ने इससे पहले कहा था कि वह इस मुद्दे पर शिवसेना से झगड़े के बीच रनौत द्वारा दिये गये बयानों से सहमत नहीं हैं। कंगना रनौत ने मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से की थी। शिवसेना के नियंत्रण वाली बीएमसी ने बुधवार सुबह कंगना के बांद्रा स्थित बंगले पर ‘अवैध निर्माण’ को गिराने की कार्रवाई शुरू की थी। हालांकि इसके कुछ ही देर बाद अदालत से कंगना को राहत मिल गयी थी और बीएमसी की कार्रवाई पर रोक लगा दी गयी। 

कितनों का मुंह बंद कराएंगे, मेरी आवाज दूर तक जाएगी: कंगना रानौत ने ठाकरे से कहा 

मुंबई के बीएमसी अधिकारियों द्वारा कंगना रनौत के कार्यालय के कुछ हिस्सों को गिराने के एक दिन बाद, अभिनेत्री ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर '' सत्ता के दुरुपयोग '' का आरोप लगाते हुए महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा और घोषणा की कि उनकी आवाज दूर तक जाएगी। इस घटनाक्रम में फिल्म जगत के कई लोग रनौत के समर्थन में आगे आए हैं। 

रनौत ने शिवसेना के नेतृत्व वाले बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की गुंडों से तुलना करते हुए कई ट्वीट् पोस्ट किए, जिसमें राज्य सरकार को एक ‘‘मिलावटी सरकार’’ कहकर मराठी संस्कृति को याद करने की नसीहत दी गई। अभिनेत्री (33) बुधवार को ही अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश से मुम्बई लौटी हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि शिवसेना से टकराव के कारण महाराष्ट्र सरकार उन्हें निशाना बना रही है। शिवसेना नीत बीएमसी ने बुधवार को अभिनेत्री के बांद्रा स्थित बंगले में किए गए कुछ अवैध निर्माण को तोड़ दिया था। हालांकि बंबई उच्च न्यायालय ने बाद में प्रक्रिया पर रोक लगाने का आदेश दिया था। 

गौरतलब है कि मुम्बई पुलिस और महाराष्ट्र के बारे में कंगना के एक हालिया बयान से विवाद खड़ा हो गया है। उन्होंने दावा किया था कि वह मुम्बई में असुक्षित महसूस करती हैं। इसके बाद शिवसेना के नेता संजय राउत ने उनसे मुम्बई वापस नहीं आने को कहा था। राउत के इस बयान के बाद अभिनेत्री ने मुम्बई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से की थी। कंगना ने राकांपा-शिवसेना-कांग्रेस की राज्य सरकार पर तंज कसा और कहा कि शिवसेना की विचारधारा से समझौता किया गया है।   

उन्होंने ट्वीट किया,‘‘जिस विचारधारा पर श्री बाला साहेब ठाकरे ने शिवसेना का निर्माण किया, आज शिवसेना से सोनिया सेना बनकर उसने सत्ता के लिए वह विचारधारा बेच दी है। जो गुंडे मेरी पीठ के पीछे मेरे घर को तोड़ते हैं, उन्हें नागरिक निकाय न कहें। संविधान का अपमान ना करें।” रनौत ने ठाकरे को भाई-भतीजावाद का एक प्रमुख उदाहरण बताया जो उनकी आवाज को दबाने के लिए सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं। 

उन्होंने आगे लिखा,‘‘आपके पिता के अच्छे कर्म आपको धन दे सकते हैं, लेकिन आपको सम्मान अर्जित करना होगा, आप मेरा मुंह बंद कर देंगे, लेकिन मेरी आवाज मेरे बाद सौ करोड़ लोगों में गूंज उठेगी, आप कितने मुंह बंद करेंगे?’’ “आप कितनी आवाजें दबाएंगे? कब तक आप सच्चाई से दूर भागेंगे, आप वंशवाद के एक उदाहरण के अलावा और कुछ नहीं हैं।” इस घटना में कंगना को मिले समर्थन के लिए उन्होंने लोगों का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा , ‘‘मेरे कई मराठी दोस्त कल फोन पर रो रहे थे। कुछ ने मुझे मदद के लिए कई संपर्क दिए। कुछ लोग घर पर खाना भेज रहे थे, जिसे मैं सुरक्षा प्रोटोकॉल के कारण स्वीकार नहीं कर सकी।” 

उन्होंने कहा, ‘‘महाराष्ट्र सरकार की शर्मनाक हरकत से मराठी संस्कृति और गौरव को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए।’’ फिल्म जगत के कई लोगों ने बीएमसी की कार्रवाई की आलोचना की। अभिनेत्री दीया मिर्जा ने कहा कि वह रनौत का कार्यालय गिराने के साथ-साथ रिया चक्रवर्ती के साथ हुए‘‘उत्पीड़न और दुर्व्यवहार ’’ की भी निंदा करती हैं। उन्होंने कहा,‘‘यह पक्ष लेने के बारे में नहीं है। यह अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के बारे में है। याद रखें कि यह आपके साथ भी हो सकता है।’’ 

फिल्मकार रीमा कागती ने ट्वीट कर कहा, ‘‘मैं कंगना के कार्यालय गिराने और रिया की के उत्पीड़न की निंदा करती हूं। हां मैं इन दोनों चीजों के खिलाफ खड़ी हो सकती हूं।’’ अभिनेता रेणुका शहाणे भी, रनौत के समर्थन में सामने आईं। हालांकि उन्हें रनौत की मुंबई की पीओके से तुलना करने वाली टिप्पणी पसंद नहीं आई, लेकिन उन्हें बीएमसी की यह कार्रवाई निंदनीय लगी। 

शहाणे ने लिखा,‘‘आपको इतना नीचे गिरने जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री कृपया हस्तक्षेप करें। हम फिलहाल एक महामारी से निपट रहे हैं। क्या हमें इस अनावश्यक नाटक की आवश्यकता है?’’ कश्मीरी पंडितों पर फिल्म बनाने के फैसले को लेकर फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने रनौत का समर्थन किया। उन्होंने कहा,‘‘उसने एक त्रासदी पर फिल्म बनाने की इच्छा व्यक्त की है और हम इसमें उसके साथ हैं। मुझे यकीन है कि यह फिल्म रिलीज होने पर हमारी त्रासदी की सही तस्वीर दिखेगी। यह उन फिल्म निर्माताओं पर भी एक थप्पड़ होगा जिन्होंने इस त्रासदी का मजाक उड़ाया है।धन्यवाद कंगना जी।”

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत