नई दिल्ली: तिहाड़ जेल से रिहाई के कुछ घंटे बाद देशद्रोह के आरोप का सामना कर रहे जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार गुरुवार को छात्रों के बीच पहुंचे। यहां एक बार फिर से जमकर नारेबाजी हुई। कन्हैया ने यहां पर कहा कि जेएनयू पर हमला योजनाबद्ध था। कन्हैया के जेएनयू पहुंचते ही पूरे परिसर में जश्न का दौर शुरू हो गया। परिसर में कन्हैया की एक झलक पाने के लिए छात्र और शिक्षक गंगा ढाबा पर बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। गौरतलब है कि कन्हैया कुमार को देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
छात्रों से बातचीत में कन्हैया ने क्या कहा-
- हमें ABVP से कोई शिकायत नहीं है क्योंकि हम लोकतांत्रिक लोग हैं। हम भारत के संविधान में भरोसा रखते हैं।
- जेएनयू पर किया गया हमला योजनाबद्ध था क्योंकि वो यूजीसी विरोध को अमान्य करना चाहते थे और वो रोहित वेमुला के खिलाफ लड़ाई को दबाना चाहते थे।
- इस देश की सत्ता ने जब-जब अत्याचार किया है, जेएनयू से बुलंद आवाज आई है, आप हमारी लड़ाई को खत्म नहीं कर सकते हैं।
कन्हैया की रिहाई से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे-
कन्हैया को जब तिहाड़ से रिहा किया जा रहा था तो सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे । कन्हैया को शाम 6:30 बजे रिहा किया गया । इसके बाद दिल्ली पुलिस के पश्चिम जिला के अधिकारियों की एक टीम ने उन्हें एक खास जगह तक एस्कॉर्ट किया। इसके बाद दक्षिण जिला पुलिस की टीम उन्हें जेएनयू परिसर तक लेकर गई। पुलिस ने जेएनयू परिसर के बाहर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर रखे थे।
क्या बोले कन्हैया कुमार सुनिए