1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Commonwealth Games 2026 में भारत के लिए ऐतिहासिक दिन, साक्षी-सचिन समेत इन खिलाड़ियों ने जीता गोल्ड मेडल

Commonwealth Games 2026 में भारत के लिए ऐतिहासिक दिन, साक्षी-सचिन समेत इन खिलाड़ियों ने जीता गोल्ड मेडल

 Written By: Hitesh Jha @HiteshjhaL58268
 Published : Aug 01, 2026 11:56 pm IST,  Updated : Aug 02, 2026 01:35 am IST

सचिन सिवाच बॉक्सिंग में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष बॉक्सर बने। इसके बाद अंकुश पांघल ने भी गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। भारत ने बॉक्सिंग में 7 गोल्ड और 3 सिल्वर मेडल अपने नाम किए।

Gold Medal Winners- India TV Hindi
गोल्ड मेडल विनर्स Image Source : ANI/PTI

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 1 जुलाई का दिन भारतीय बॉक्सर्स के लिए काफी ऐतिहासिक रहा। भारतीय बॉक्सर्स ने बॉक्सिंग में कुल 7 गोल्ड मेडल अपने नाम किए। भारत के लिए आज प्रीति पवार, जैस्मिन लंबोरिया, सोमन राणा, साक्षी चौधरी, प्रिया घंघास, अरुंधति चौधरी, सचिन सिवाच और अंकुश पांघल ने गोल्ड मेडल जीता है। इनमें से सोमन राणा ने भारत के लिए गोल्ड मेडल पैरा एथलेटिक्स में जीता है। बाकी सभी ने बॉक्सिंग में गोल्ड मेडल अपने नाम किए। भारत ने इस बार बॉक्सिंग में सात स्वर्ण और तीन रजत के साथ कुल 10 पदक अपने नाम किए। भारत इस कॉमनवेल्थ गेम्स में बॉक्सिंग में सभी देशों के बीच सबसे ज्यादा गोल्ड मेडल जीतने वाला देश बन गया है।

प्रवीण चित्रवेल सहित इन खिलाड़ियों ने जीता सिल्वर मेडल

सिल्वर मेडल की बात करें तो 1 जुलाई को प्रवीण चित्रवेल ने पुरुषों के ट्रिपल जंप में भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता। उसके बाद जादूमणि सिंह ने बॉक्सिंग में पुरुषों के 55 किग्रा में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। शुभम जुयाल ने पैरा एथलेटिक्स में शॉट पुट में सिल्वर मेडल जीता। वहीं लवलीना ने बॉक्सिंग में 75 किग्रा में सिल्वर मेडल जीत लिया है। बॉक्सिंग के आखिरी फाइनल में नरेंदर बेरवाल को सिल्वर मेडल मिला। वहीं उन्नति शर्मा ने जूडो में ब्रॉन्ज मेडल जीता है।

अंकुश पांघल ने जीता गोल्ड मेडल

भारत के लिए बॉक्सिंग में दिन का आखिरी गोल्ड मेडल अंकुश पांघल ने जीता। अंकुश ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष 80 किग्रा के फाइनल में इंग्लैंड के डिमेजी शिट्टू को खंडित फैसले में 4-1 से हराया। यह भारत के लिए बॉक्सिंग में सातवां गोल्ड मेडल है। अंकुश से पहले सचिन ने पुरुष 60 किग्रा वर्ग के फाइनल में नामीबिया के ट्राईगेन मॉर्निंग नदेवेलो को खंडित फैसले में 3-2 से हराया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

लवलीना बोरगोहेन ने महिला 75 किग्रा वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। लवलीना का फाइनल में सामना ऑस्ट्रेलिया की एम्मा सुई ग्रीनट्री से हुआ। एम्मा ने खंडित फैसले में लवलीना को 4-1 से हराया। यह मुकाबला बेहद ही रोमांचक रहा। वहीं उनसे पहले अरुंधति ने महिला 70 किग्रा वर्ग के फाइनल में इंग्लैंड की चेंटेले रीड को एकतरफा अंदाज में सर्वसम्मत फैसले में 5-0 से हराकर गोल्ड मेडल जीता।

13 गोल्ड मेडल जीत चुका है भारत

आज के दिन की शुरुआत प्रीति पवार ने महिला 54 किग्रा में गोल्ड मेडल जीत के साथ की थी। उसके बाद जैस्मिन लंबोरिया ने मुक्केबाजी की महिला 57 किग्रा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत को आज के दिन का दूसरा गोल्ड मेडल दिलाया। वहीं दिन के अंत में भी भारतीय बॉक्सर अंकुश पंघाल ने कमाल करते हुए गोल्ड मेडल जीता। भारत इस कॉमनवेल्थ में अब तक 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज मेडल सहित 38 मेडल जीत चुका है। भारत अंकतालिका में चौथे नंबर पर है।

यह भी पढ़ें

क्रिकेटर बनने का था सपना, अब कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक जीतकर तेजस्विन शंकर ने रचा इतिहास

अस्मिता डे ने कॉमनवेल्थ गेम्स में रचा इतिहास, जुडो में गोल्ड मेडल जीतने वाली बनीं पहली भारतीय

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल