1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कर्नाटक में कोरोना के 4373 नए केस मिले, 19 मरीजों की मौत

कर्नाटक में कोरोना के 4373 नए केस मिले, 19 मरीजों की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 03, 2021 08:11 pm IST,  Updated : Apr 03, 2021 08:22 pm IST

कर्नाटक में शनिवार को कोविड-19 के 4,373 नए मामले सामने आए और संक्रमण से 19 लोगों की मौत हो गई। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10.10 लाख और मृतकों की संख्या बढ़कर 12,610 हो गई।

कर्नाटक में कोरोना के 4373 नए केस मिले, 19 मरीजों की मौत- India TV Hindi
कर्नाटक में कोरोना के 4373 नए केस मिले, 19 मरीजों की मौत Image Source : PTI

बेंगलुरु: कर्नाटक में शनिवार को कोविड-19 के 4,373 नए मामले सामने आए और संक्रमण से 19 लोगों की मौत हो गई। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10.10 लाख और मृतकों की संख्या बढ़कर 12,610 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि दिन में संक्रमण मुक्त होने के बाद 1,959 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई। 

स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन में बताया कि शनिवार को सामने आए कुल 4,373 नए मामलों में से 3,002 मामले अकेले बेंगलुरु शहरी क्षेत्र से सामने आए हैं। राज्य में अब तक संक्रमण के 10,10,602 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से 12,610 लोगों की मौत हो चुकी है और 9,61,359 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। 

बुलेटिन के अनुसार, राज्य में 36,614 मरीजों का उपचार चल रहा है, जिनमें से 36,287 मरीजों की हालत स्थिर है। बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में बेंगलुरु (शहरी) और मैसुरु में छह-छह लोगों की मौत हुई। वहीं, हासन में तीन, मांड्या में दो, कलबुर्गी में एक और तुमकुरु में एक व्यक्ति की मौत हो गई। 

देशभर में 89129 नए केस मिले, 714 मरीजों की मौत

भारत में शनिवार को कोविड-19 के 89,129 नए मामले दर्ज किए गए जो करीब साढ़े छह महीने में संक्रमण के एक दिन में आए सर्वाधिक मामले हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 1.23 करोड़ हो गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। एक दिन में इस महामारी से 714 लोगों की मृत्यु हो जाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1,64,110 हो गई है। कोविड-19 से एक दिन में मरने वाले लोगों की 21 अक्टूबर के बाद से यह सबसे अधिक संख्या है। 

पिछले साल 20 सितंबर के बाद से शनिवार को आए संक्रमण के नए मामले सबसे अधिक हैं। तब 24 घंटे में 92,605 नए मामले आए थे। आंकड़ों के अनुसार, कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ते मामलों के साथ देश में इस बीमारी का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में भी लगातार 24वें दिन वृद्धि दर्ज की गई है। अब भी 6,58,909 लोग इस बीमारी का इलाज करा रहे है जो संक्रमण के कुल मामलों का 5.32 प्रतिशत है। स्वस्थ होने वाले लोगों की दर गिरकर 93.36 प्रतिशत हो गई है। 

देश में इलाज करा रहे संक्रमितों की सबसे कम संख्या 12 फरवरी को थी जब 1,35,926 लोग उपचाराधीन थे और यह संक्रमण के कुल मामलों का 1.25 प्रतिशत था। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,15,69,241 हो गई है जबकि मृत्यु दर गिरकर 1.32 प्रतिशत हो गई है। 

बीते 24 घंटे में जिन 714 लोगों की मौत हुई है उनमें से 481 की महाराष्ट्र, 57 की पंजाब, 43 की छत्तीसगढ़, 16-16 लोगों की उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश, 14-14 लोगों की केरल और दिल्ली, 12 लोगों की तमिलनाडु, 11 की गुजरात और 10 लोगों की मौत हरियाणा में हुई। देश में इस वैश्विक महामारी से अब तक 1,64,110 लोगों की मौत हुई है। 

इनमें से महाराष्ट्र में 55,379, तमिलनाडु में 12,750, कर्नाटक में 12,591, दिल्ली में 11,050, पश्चिम बंगाल में 10,335, उत्तर प्रदेश में 8,836, आंध्र प्रदेश में 7,225 और पंजाब में 6,983 लोगों की मौत हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि जिन लोगों की मौत हुई, उनमें से 70 प्रतिशत से अधिक लोगों को अन्य बीमारियां भी थीं। 

कोरोना वायरस के एक दिन में आने वाले सबसे अधिक मामले पिछले साल सितंबर में आए थे जब 17 सितंबर को संक्रमण के 97,894 मामले आए जिसके बाद भारत में संक्रमण के मामले धीरे-धीरे घटने लगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत